'रामनगरी में सबका स्वागत, विरोध का मतलब नहीं'; अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर बोले बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने उनका स्वागत किया है।

इकबाल अंसारी
HighLights
इकबाल अंसारी ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे का स्वागत किया।
उन्होंने अखिलेश को सरयू स्नान और राम दर्शन की सलाह दी।
अंसारी ने अयोध्या के विकास कार्यों के लिए योगी की सराहना की।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी का दौर तेज हो गया हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने उनका स्वागत किया है। बोले, सरयू स्नान भी करें।
भगवान राम सबके हैं। अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है। यहां आने वाले हर व्यक्ति का सम्मान है। अखिलेश यादव ही नहीं, सभी का रामनगरी में स्वागत है।
अंसारी ने कहा कि अयोध्या आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पुण्य सलिला सरयू में स्नान करना चाहिए और भगवान श्रीराम के दर्शन करना चाहिए। भगवान की शरण में आने वाले हर व्यक्ति की प्रार्थना सुनी जाती है। रामनगरी में आने वालों को मर्यादा और सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।
रामनगरी के विकास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि मठ-मंदिरों के साथ चौड़ी सड़कें, कुंड, पार्क और तमाम सुविधाओं का विकास हुआ है। उन्होंने संतों की ओर से अखिलेश यादव के दौरे के विरोध के सवाल पर टिप्पणी करने से मना कर दिया। बोले, अयोध्या साधु-संतों की नगरी है।