अखिलेश यादव ने दलित को बताया 'दमदार', आगरा के महासम्मेलन में बोले- 2027 में यह भाजपा सफाया करेगा
अखिलेश यादव ने आगरा में दलित महासम्मेलन में दलितों को 'दमदार' बताया और कहा कि वे 2027 के चुनाव में ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश यादव ने आगरा में दलितों को 'दमदार' बताया, भाजपा को चुनौती दी।
उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने का दावा किया।
सपा प्रमुख ने पीडीए और सामाजिक न्याय के एजेंडे पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, आगरा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित महासम्मेलन से चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग हमारे पीडीए की परिभाषा बार-बार बदलते रहते हैं। जनसमर्थन देखकर मैं कह सकता हूं कि पीडीए का 'डी' जो दलित था, अब वह दमदार दलित हो गया है। वर्ष 2027 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में यह भाजपा को दलेगा। भाजपा को हराने के साथ उसका सफाया करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में लाठी हारेगी और लैपटाप जीतेगा। 2024 के चुनाव में जो लोग हारे हैं, वह 2027 के चुनाव में भी हारेंगे।
जीआइसी मैदान में रविवार को 30 जिलों के दलित महासम्मेलन में अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए आंदोलन की शुरूआत आगरा से हो रही है। पश्चिमी उप्र का यह पहला दलित महासम्मेलन है। जनसमर्थन देखकर यह लग रहा है, जैसे यह देश का सम्मेलन हो।
गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह कह रहे हैं कि अंगद का पैर है, हटेगा नहीं। आगरा के इस गरज सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जमीन ही नहीं होगी तो अंगद का पैर कहां रखोगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि जब से पीडीए ने भाजपा को उपचुनाव में हराया है, तब से यह साजिश और षड्यंत्र रच रहे हैं। 10 वर्ष प्रदेश में भेदभाव की सरकार चली है।
उत्तर प्रदेश में दलितों का सर्वाधिक उत्पीड़न: अखिलेश
एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार देश में उत्तर प्रदेश में दलितों का सर्वाधिक उत्पीड़न हुआ है। यह सहानुभूति तो रख सकते हैं, लेकिन उनका दु:ख और दर्द महसूस नहीं कर सकते हैं, इसलिए जहां दर्द, पीड़ा है वहां हमारा पीडीए है। पीड़ित के साथ हमारा पीडीए है। जो भाजपा के साथ है, वो दलित के खिलाफ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए की सरकार बनने पर कानून और सामाजिक न्याय का राज स्थापित किया जाएगा। पुलिस रिस्पांस सिस्टम को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने पर 69 हजार शिक्षकों को न्याय दिलाया जाएगा। युवाओं के लिए रोजगार और संविदा पर तैनात सफाईकर्मियों को स्थायी किया जाएगा।
वोट बचेगा तो संविधान बचेगा
लोकसभा चुनाव की तरह अखिलेश यादव ने संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण को खतरा बताते हुुए कहा कि वोट बचेगा तो संविधान बचेगा। हम वोट से हराना सीख गए हैं, इसलिए वाेट की हेर-फेर कर रहे हैं। पहले एसआइआर कराया, अब एसएसआर करा रहे हैं। हमारे मुख्यमंत्री जी घबरा गए।
बोले कि 1 करोड़ 27 लाख हिन्दुओं के वोट कट रहे हैं। बताओ चुनाव आयोग इनका, डीएम इनका, अधिकारी इनके और फिर कैसे वोट कट गए? वोट नहीं कट गए, हमारे दमदार दलित भाइयों और मुस्लिम भाइयों ने अपना वोट बचा लिया। यह फिर गड़बड़ नहीं करें, इसलिए अपने वोट को बचाकर रखना। अगर वोट नहीं बचा तो लोकतंत्र नहीं बचेगा, संविधान भी नहीं बचेगा। भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है। संविधान है तो सम्मान है और आरक्षण है।
भाजपा की हार होते ही आ गए सियासी सैलानी
असदुद्दीन ओवैसी की एआइएमआइएम और चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी के गठबंधन पर अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए टिप्पणी करते हुए कहा कि उपचुनाव और एमएलसी चुनाव में भाजपा की हार होते ही सियासी सैलानी आ गए हैं। उनका ओटीपी कहीं और से आ रहा है। वह किसी के माइक के लाउडस्पीकर बन गए हैं। इनकी डोर और चरखी कहीं और है। यह उतना ही उड़ेंगे, जितना इन्हें ढील दी जाएगी,। इनके बहकावे में मत आना।
80-20 की बात करने वाला योगी नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि योगी वही हो सकता है, जो 100 प्रतिशत लोगों के बारे में सोचे। 80-20 की बात करने वाला कभी योगी नहीं हो सकता है। इस बार उप्र के चुनाव में पांच प्रतिशत के विरोध में 95 प्रतिशत लोग खड़े दिखाई देंगे। 10 साल में डबल इंजन की सरकार ने जो पीड़ा दी है और अपमान किया है, उससे 95 प्रतिशत लाेग एकजुट हो चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।