विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने अयोध्या में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर की बैठक

Published: Sun, 25 Oct 2026 05:30 PM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने अयोध्या में बूथ स्तर पर विश्लेषण और माइक्रो मैनेजमेंट से चुनावी रणनीति मजबूत करने पर जोर दिया।

भाजपा यूपी प्रभारी विनोद तावड़े की अयोध्या में बैठक

भाजपा यूपी प्रभारी विनोद तावड़े की अयोध्या में बैठक

HighLights

  1. 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई बैठक।

  2. बूथ स्तर पर चुनावी परिणामों का विश्लेषण करने पर जोर।

  3. माइक्रो मैनेजमेंट से रणनीति मजबूत करने का निर्देश।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने अयोध्या प्रवास के दौरान संघ कार्यालय साकेत निलयम में विचार परिवार के साथ बैठक की। वहीं, होटल रामायना में देर शाम जनप्रतिनिधियों के साथ रात्रिभोज के दौरान आयोजित बैठक में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और चुनावी प्रबंधन को लेकर फीडबैक लिया।

बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन करने और मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वर्ष 2014 से अब तक हुए चुनावों के परिणामों का बूथवार विश्लेषण किया जाना चाहिए। जिन बूथों पर वर्ष 2014 में पार्टी को जीत मिली थी। यदि बाद के चुनावों में वहां मत प्रतिशत में कमी आई है, तो इसके कारणों की पहचान की जानी चाहिए।

उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणामों का विशेष रूप से विश्लेषण करने की आवश्यकता बताई। बूथवार आंकड़ों के आधार पर पार्टी की स्थिति, मतदाताओं के रुझान और चुनावी प्रदर्शन में आए बदलावों का आकलन करने से आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।

प्रदेश प्रभारी ने चुनावी प्रबंधन में माइक्रो मैनेजमेंट की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जनप्रतिनिधियों को सक्रियता बढ़ाने और जनता के साथ निरंतर संवाद पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक सक्रियता, जनसंपर्क और बूथ स्तर पर प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से पार्टी की तैयारियों को मजबूत करने पर मंथन किया गया।

यह भी पढ़ें- अयोध्या पहुंचे भाजपा यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, बोले-बूथ मजबूत तो मंडल और विधानसभा भी मजबूत

क्षेत्रीय प्रभारी दिलीप पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, परमानंद मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश चुनाव: बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े अयोध्या पहुंचे, रामलला के किए दर्शन