1.5 लाख से शुरू किया दोना-पत्तल का बिजनेस, आज महीने के 30 हजार कमा रहीं अयोध्या की महिलाएं
अयोध्या के नरियांवा में दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने डेढ़ लाख रुपये के ऋण से दोना-पत्तल का व्यवसाय शुरू किया।

नरियावां में दोना-पत्तल बनाती स्वयं सहायता समूह की महिलाएं: सौ. से सूचना विभाग।
HighLights
डेढ़ लाख के ऋण से शुरू किया दोना-पत्तल व्यवसाय।
दुखना तपस्या समूह के पास अब हैं सात मशीनें।
महिलाएं हर महीने 25-30 हजार रुपये की बचत कर रही हैं।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। आत्मनिर्भर बनने का संकल्प और सामूहिक प्रयास की ताकत हो तो छोटे स्तर से शुरू किया गया कारोबार भी सफलता की मिसाल बन सकता है। पूराबाजार ब्लॉक की नरियांवा ग्राम पंचायत स्थित दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने इसे साबित किया है।
डेढ़ लाख रुपये के ऋण से दोना-पत्तल बनाने का काम शुरू करने वाले इस समूह के पास आज सात मशीनें हैं। समूह की महिलाएं मिलकर उत्पादन कर रही हैं और हर महीने 25 से 30 हजार रुपये तक की बचत कर रही हैं।
वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य से प्रेरित महिला शक्ति की यह तस्वीर ग्रामीण महिलाओं के श्रम, एकजुटता और आत्मनिर्भरता के संकल्प को दर्शाती है। स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों के बीच नारियांवा की महिलाओं ने अपने लिए रोजगार का रास्ता तैयार किया है।
डेढ़ लाख रुपये से खरीदी पहली मशीन
दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह ने दोना-पत्तल निर्माण के जरिए स्वरोजगार की शुरुआत की। समूह ने शुरुआती दौर में डेढ़ लाख रुपये का ऋण लेकर पहली मशीन खरीदी। उत्पादन शुरू हुआ तो महिलाओं ने कारोबार को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
तीन लाख रुपये का लिया लोन
इसके बाद सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) के तहत तीन लाख रुपये का अतिरिक्त ऋण मिला। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने और मशीनों की संख्या में इजाफा करने में मदद मिली।
धीरे-धीरे समूह के पास सात मशीनें हो गईं। अब इन्हीं मशीनों के माध्यम से महिलाएं सामूहिक रूप से दोना-पत्तल तैयार कर रही हैं।
हर महीने 25 से 30 हजार रुपये की बचत
समूह की सदस्य दुखना ने बताया कि हर महीने 25 से 30 हजार रुपये तक की बचत हो रही है। महिलाओं के लिए यह कारोबार केवल आमदनी का जरिया नहीं, बल्कि अपनी मेहनत से आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर भी है।
उपयुक्त स्वत: रोजगार सरिता गुप्ता ने बताया कि वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य से प्रेरणा लेते हुए नारियांवा की महिलाएं भी अपने श्रम और सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ रही हैं।
दुखना तपस्या समूह साबित कर रहा है कि सही मार्गदर्शन और सहयोग मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन सकती हैं। समूह की सफलता दूसरे गांवों की महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपना कारोबार शुरू करने के लिए प्रेरित कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।