विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में मतदाता सूची बड़ी लापरवाही: पुरुष वोटर को बना दिया 'थर्ड जेंडर', लिस्ट में मृतक-डुप्लीकेट नाम भी

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:10 AM (IST)

अयोध्या में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान नेटवर्क समस्या, डुप्लीकेट वोटर, मृतक नाम और जेंडर परिवर्तन जैसी कई त्रुटियां सामने आईं। 

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत वोटर लिस्ट चेक करते हुए कर्मचारी।  (तस्वीर- जागरण)

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत वोटर लिस्ट चेक करते हुए कर्मचारी। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. नेटवर्क समस्या से बीएलओ को ऑनलाइन फॉर्म भरने में दिक्कतें आईं।

  2. मतदाता सूची में डुप्लीकेट, मृतक नाम और जेंडर परिवर्तन की शिकायतें।

  3. जिला निर्वाचन अधिकारी ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में विशेष दिवस के दूसरे दिन सायं सात बजे तक निर्वाचन कार्यालय के पास विधानसभा क्षेत्रवार फार्म छह, सात व आठ का विवरण एकत्रित नहीं हो सका।

बूथों पर दूसरा विशेष दिवस अभियान 28 व 29 नवंबर को प्रात: 10 बजे से सायं चार बजे चलेगा। दूसरे दिन भी नेट वर्क की समस्या से फार्म के आनलाइन करने में बीएलओ को दिक्कत हो रही थी। डुप्लीकेट वोटर, मृतक के नाम व मतदाता सूची में जेंडर परिवर्तन जैसी शिकायतें आम रहीं।

जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दृष्टिगत अयोध्या के एसएसवी इंटर कालेज एवं बापू बालिका इंटर कालेज, साहबगंज स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ागांव के छह बूथ पर नये मतदाता बनने के लिए मात्र 10 आवेदन ही आये।

इसी विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत मुकीमपुर के बूथ नंबर 323 से 329 तक कुल सात बूथ हैं। बूथ नंबर 327 पर 12 बजकर 10 मिनट तक बीएलओ ममता उपाध्याय आई नहीं थीं। अन्य छह बीएलओ उपस्थित रहे। दो वोटरों ने नाम संशोधन के लिए फार्म आठ भरा।

मतदाताओं की आमद बहुत कम रही। गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 88 प्रावि बेनीपुर में 21 नवंबर को फार्म छह के पांच आवेदन दोपहर एक बजे तक आये। बूथ संख्या 90 प्रावि भरहूखाता में 21 नवंबर को फार्म छह के सभी बूथों पर कुल नौ एवं रविवार को दोपहर एक बजे तक फार्म छह व सात के तीन-तीन आवेदन आये।

प्राथमिक विद्यालय भरहूखाता में बूथ संख्या 90 पर बीएलओ रेनू गुप्ता व बूथ संख्या 91 पर बीएलओ वंदना सिंह मौजूद रहीं। वंदना सिंह ने बताया कि नेटवर्क समस्या के चलते फार्म आनलाइन करने में परेशानी हो रही है।

रुदौली विधानसभा क्षेत्र में रविवार को इस्लामिया इंटर कालेज स्थित मतदान केंद्र के बूथ संख्या 341, 42, 44, 45 और 46 पर बड़ी संख्या में लोग अपना नाम मतदाता सूची में जांचने और त्रुटियों को दुरुस्त कराने पहुंचे थे। कहीं नाम और विवरण गलत दर्ज मिला तो कहीं मृतकों और एक ही व्यक्ति के नाम दो-दो जगह दर्ज होने की शिकायतें सामने आईं। सबसे चौंकाने वाला मामला बूथ संख्या 344 का रहा।

यहां मो. फुरकान पुत्र मो. अबरार का नाम मतदाता सूची में थर्ड जेंडर के रूप में दर्ज कर दिया गया था। फुरकान ने बताया कि वह पुरुष हैं, लेकिन सूची में लिंग बदल गया है। इसी तरह बूथ संख्या 342 पर सिराज अहमद के नाम में गलती मिलने पर उन्होंने फार्म-आठ भरकर सुधार के लिए आवेदन किया। बूथ संख्या 343 पर हसीब जो ख्वाजाहाल के निवासी हैं के नाम में भी त्रुटि मिली।

उन्होंने भी नाम संशोधन के लिए फार्म-आठ जमा किया। बूथ संख्या 342 पर एक मृतक और एक दोहरी प्रविष्टि का मामला सामने आया। वहीं बूथ संख्या 341 पर भी मृतक मतदाता का नाम सूची में दर्ज होने की शिकायत रही।

बूथ संख्या 344 पर भी दोहरे नाम और मृतक मतदाताओं की प्रविष्टियां सामने आईं। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का पर्यवेक्षक महेश बाबू ने निरीक्षण किया। बूथ संख्या 343 की बीएलओ सुमन को हटाने की संस्तुति की जानकारी मिली है।

यह भी पढ़ें- BJP दक्षिण का मिशन 2027: 1166 बूथों पर 1500 कार्यकर्ता सक्रिय, तीनों सीटें जीतने का लक्ष्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।