अयोध्या में अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा, व्यापारियों ने कथित पिटाई के विरोध में किया प्रदर्शन
अयोध्या में नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक व्यापारी पुत्र की पिटाई के बाद व्यापारियों ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया।

अयोध्या में अतिक्रमण के दौरान बवाल
HighLights
अयोध्या में अतिक्रमण हटाते समय व्यापारी के बेटे की पिटाई का आरोप।
व्यापारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
पुलिस हस्तक्षेप के बाद युवक को छोड़ा गया, मामला शांत हुआ।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्याधाम में शनिवार को नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते की कार्रवाई के दौरान व्यापारी पुत्र की पिटाई को लेकर हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में दुकानदार एकत्रित होकर पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे और थाने ले जाए गए युवक को छोड़ने की मांग की।
प्रवर्तन दल के साथ रहे उपनिरीक्षक पवन कुमार के सूचना देने पर अयोध्या कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित व्यापारियों को समझाया-बुझाया। इसके साथ उन्होंने थाने से युवक शिवम कौशल को तुरंत छोड़वा दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
व्यापारियों का कहना था कि प्रवर्तन दल की कार्रवाई के दौरान उन लोगों का अक्सर उत्पीड़न किया जाता है। अतिक्रमण हटाने का कोई विरोध नहीं है, लेकिन किसी की बेवजह पीटना न्यायसंगत नहीं है।
छोटी देवकाली चौराहे के समीप प्रवर्तन दल की ओर से दोपहर लगभग दो बजे शास्त्रीनगर की दुकानों के सामने रखे सामान को हटवाया जा रहा था। इसी बीच शिवम कौशल नामक युवक को प्रवर्तन दस्ते के कर्मी ने पीट दिया और उसे कोतवाली ले जाया गया। इसकी जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में व्यापारी लामबंद हो गए और पिटाई का विरोध करने लगे। उनका कहना था कि जब वे लोग स्वत: सामान उठा ले रहे हैं, तो किसी को पीटना गलत है।
शिवम की मां मीना कौशल ने बताया कि प्रवर्तन दस्ते के कर्मी ने उनके बेटे से फुटपाथ किनारे बनी रेलिंग से पर्दा हटाने को कहा। वह हटाने जा रहा था कि इसी बीच उसने पिटाई कर दी। विरोध करने पर उसे थाने लेकर चले गए। मौके पर एकत्रित रहे व्यापारियों का कहना था कि यह प्रतिदिन की बात हो गई है। उन लोगों का बेवजह उत्पीड़न किया जाता है। कुछ दिनों पूर्व नया घाट पर भी अतिक्रमण हटाते समय प्रवर्तन दस्ते के कर्मी ने एक युवक को बुरी तरह पीट दिया था।
