अयोध्या: पंचकोसी परिक्रमा कर लौट रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, हादसे में गई दो लोगों की जान
अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा से लौट रहे दो बाइक सवारों की देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
पंचकोसी परिक्रमा से लौट रहे दो बाइक सवारों की मौत।
अयोध्या में अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी।
पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। पंचकोसी परिक्रमा पूरी कर लौट रहे बाइक सवार दो सहकर्मियों की शनिवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में रायगंज चौकी अंतर्गत राजाराम पैलेस के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर ले जाया गया, जहां पहुंचते ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के खामा निवासी 40 वर्षीय मनमोहन सिंह और रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर निवासी 36 वर्षीय अश्वनी पांडेय के रूप में हुई है। मनमोहन सिंह टोल प्लाजा पर असिस्टेंट मैनेजर थे। दोनों सहकर्मी पंचकोसी परिक्रमा करने के बाद बाइक से लौट रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को रात करीब 11 बजे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।