अयोध्या में 6.40 करोड़ से संवरेंगे मां कामाख्या नगर पंचायत के वार्ड, 10 सड़कों का होगा सौंदर्यीकरण
अयोध्या की मां कामाख्या नगर पंचायत में मुख्यमंत्री नवसृजित नगर विकास योजना के तहत 6.40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
6.40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी।
10 सड़कों और नालियों का होगा निर्माण।
शिक्षा व बाल विकास सुविधाओं का कायाकल्प।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। मां कामाख्या नगर पंचायत में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री नवसृजित नगर विकास योजना के तहत 6.40 करोड़ रुपये से सड़क, जल निकासी और शिक्षा से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। शासन ने नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ल की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
योजना के तहत नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में 10 सड़कों का निर्माण नालियों सहित कराया जाएगा। कुरैया, भरतपुर, बिहारा और मेघा ऋषि नगर समेत कई क्षेत्रों में सड़कें बनाई जाएंगी।
विकास योजना में शिक्षा और बाल विकास से जुड़ी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। गौड़पुरवा स्थित जर्जर प्राथमिक विद्यालय का कायाकल्प होगा। सुनबा में दो और ईटहा, सैमसी व सैदपुर में एक-एक आंगनबाड़ी केंद्र का कायाकल्प होगा।
अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ल ने कहा कि शासन से स्वीकृति दिलाने के लिए विधायक रामचंद्र यादव का आभार जताया। कहा, नगर पंचायत के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
अधिशासी अधिकारी निखिलेश मिश्रा ने बताया कि निर्माण कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गयी है। अगले महीने काम शुरू कराकर जनवरी तक सभी परियोजनाएं पूरी करने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- टूरिज्म के बाद अब ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ बनी रामनगरी, सात फेरों के बाद रामलला के दर्शन कर रहे नवविवाहित जोड़े
यह भी पढ़ें- अयोध्या में आस्था का सैलाब, 50 लाख श्रद्धालुओं ने की पंचकोसी परिक्रमा