विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामलला की दर्शनावधि एक घंटे और बढ़ी, आज से 22 नवंबर तक रात 11 बजे तक होंगे प्रभु के दर्शन

Published: Wed, 18 Nov 2026 09:25 AM (IST)

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा मेले के कारण रामलला के दर्शन का समय एक घंटा बढ़ा दिया है।

प्रभु रामलला और मंदिर परिसर में दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु। (तस्वीर- जागरण ग्राफिक्स)

प्रभु रामलला और मंदिर परिसर में दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु। (तस्वीर- जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. परिक्रमा मेले हेतु रामलला दर्शन समय एक घंटा बढ़ा।

  2. अब श्रद्धालु 18 से 22 नवंबर तक रात 11 बजे तक दर्शन।

  3. श्रीराम जन्मभूमि न्यास ने भीड़ प्रबंधन हेतु निर्णय लिया।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने रामलला के दर्शन का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। अब श्रद्धालु रात 11 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। नई व्यवस्था 18 नवंबर से 22 नवंबर तक परिक्रमा की समाप्ति तक लागू रहेगी।

न्यास की ओर से जारी नई व्यवस्था के अनुसार, पहले रात 8:45 बजे मुख्य द्वार से दर्शन के लिए प्रवेश बंद कर दिया जाता था। अब भी रात 8:45 बजे भोग और सायंकालीन आरती के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे, लेकिन आरती के बाद रात 9:30 बजे से दोबारा प्रवेश शुरू होगा। यह सिलसिला रात 11 बजे तक चलेगा। इस तरह श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा।

न्यास के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र ने इस संबंध में न्यास के प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को अवगत करा दिया है, ताकि बढ़े हुए समय के अनुरूप सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था सुचारु रखी जा सके।

दरअसल, 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रामनगरी पहुंचने की संभावना है। मंगलवार को बड़ी संख्या में परिक्रमार्थी रामनगरी पहुंच चुके हैं। परिक्रमा के साथ ही श्रद्धालु रामलला के दर्शन भी करना चाहते हैं।

C-439-1-LKO1154-527425

श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' से ली गई तस्वीर।

ऐसे में मंदिर परिसर में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए न्यास ने दर्शन का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुलभ दर्शन मिल सके। 14 कोसी परिक्रमा का शुभारंभ 17-18 नवंबर की मध्यरात्रि 1:20 बजे होगा।

इसका समापन 20 नवंबर को प्रातः 2:55 बजे होगा। परिक्रमा के दौरान रामनगरी में चार दिनों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए न्यास ने 18 से 22 नवंबर तक दर्शन की समय-सारिणी में बदलाव किया है।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र 19 नवंबर को आएंगे अयोध्या, तीन दिवसीय समीक्षा बैठक करेंगे



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।