राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र 19 नवंबर को आएंगे अयोध्या, तीन दिवसीय समीक्षा बैठक करेंगे
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र 19 नवंबर को अयोध्या आएंगे और 21 नवंबर तक निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष व पूर्व आइएएस नृपेंद्र मिश्र आगामी 19 नवंबर को अयोध्या आ रहे हैं। वह रामजन्मभूमि परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा करेंगे।
21 नवंबर तक होने वाली तीन दिवसीय समीक्षा बैठक में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य, सीईओ सहित विभिन्न कार्यदायी एजेंसियों के अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहेंगे।
रामजन्मभूमि परिसर में मंदिरों से संबंधित समस्त कार्य तो पूर्ण हो चुके हैं, परंतु अभी ट्रस्ट का कार्यालय, संत निवास, गेट नंबर-तीन, आडीटोरियम का निर्माण और रामकथा संग्रहालय के जीर्णोद्धार व दीर्घाओं के विकास से संबंधित कार्य चल रहे हैं।
निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र प्रत्येक पखवारे अयोध्या पहुंच कर इन्हीं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करते हैं, जबकि प्रत्येक शनिवार को वह आनलाइन समीक्षा करते रहते हैं।
इस बार राम मंदिर के चारों ओर बने परकोटे के हस्तांतरण, एजेंसियों के अंतिम बिल भुगतान के थर्ड पार्टी आडिट व संग्रहालय के कार्यों की प्रमुखता से समीक्षा होनी है।
ऑडिट प्रक्रिया की समीक्षा के बाद ही एजेंसियों को भुगतान की सहमति प्रदान की जानी है। इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि, ट्रस्टी कृष्ण मोहन व महांत दिनेंद्रदास सहित अन्य के भी उपस्थित रहने की संभावना है।