विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की डीड में होगा संशोधन, कानूनी अड़चनों को दूर करने की तैयारी

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:42 AM (IST)

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की डीड में संशोधन किया जाएगा ताकि सीईओ की नियुक्ति का प्रावधान शामिल हो सके और कानूनी कमियों को दूर किया जा सके।

राम मंदिर

राम मंदिर

HighLights

  1. ट्रस्ट डीड में सीईओ नियुक्ति का प्रावधान जोड़ा जाएगा।

  2. कानूनी कमियों और दोहराए गए प्रावधानों को सुधारा जाएगा।

  3. संशोधन से ट्रस्ट की मूल भावना अप्रभावित रहेगी।

प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की डीड में संशोधन किया जाएगा। ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति हो गई लेकिन अब तक डीड में इसका प्रविधान नहीं है। अब डीड में संशोधन कर इसे शामिल किया जाएगा। साथ ही ट्रस्ट डीड में दोहराए गए प्रविधानों को दुरुस्त करने की तैयारी है।

हालांकि, प्रस्तावित बदलावों से ट्रस्ट की मूल भावना और नीति प्रभावित नहीं होगी। संशोधन को लेकर ट्रस्टियों के बीच मंथन चल रहा है। इन बदलावों पर ट्रस्ट की दो दिसंबर को प्रस्तावित बैठक में मुहर लगना तय माना जा रहा है। इस बैठक से दो दिन पूर्व 30 नवंबर को ही महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि अयोध्या पहुंच जाएंगे।

बीती दो सितंबर को मणिरामदासजी की छावनी में हुई ट्रस्ट बैठक के एजेंडे में डीड में संशोधन का विषय भी शामिल था, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हो सका था। इस बैठक में ही ट्रस्ट ने सीईओ सेवानिवृत्त एयरमार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति की घाेषणा हुई थी। अब ट्रस्ट डीड के विभिन्न प्रविधानों की समीक्षा कर कानूनी दृष्टि से भविष्य में किसी अड़चन से बचने के लिए छोटी-छोटी कमियों को संशोधन के जरिए दूर करने की याेजना बना रहा है।

ट्रस्ट महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने श्रीरामवल्लभाकुंज में मीडिया से अनौपचारिक चर्चा में डीड में संशोधन की संभावना की पुष्टि की थी। उनके अनुसार, डीड में कुछ स्थानों पर एक ही बात दोहराई गई है। ऐसे प्रविधानों को कानूनी रूप से व्यवस्थित कर डीड को अधिक स्पष्ट और विधिसम्मत बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि डीड में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। कुछ ऐसी बातों को हटाने पर विचार हो रहा है, जिनकी अब आवश्यकता नहीं है।

प्रवक्ता नियुक्ति पर लग सकती मुहर

ट्रस्ट की आगामी बैठक में मीडिया से संवाद के लिए प्रवक्ता की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है। हालांकि पूर्व राज्य सूचना आयुक्त व वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह समाचार प्रबंधक के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके नाम की घोषणा आगामी बैठक में ट्रस्ट कर सकता है। साथ ही 28 अक्टूबर को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए गठित स्थाई समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों को भी ट्रस्ट बैठक में रखा जाएगा।

के परासरन के निर्देशन में होगा बदलाव

ट्रस्ट डीड में प्रस्तावित संशोधनों की प्रक्रिया ट्रस्टी पद्मश्री प्रख्यात अधिवक्ता के परासरन के निर्देशन में होगी। कानूनी पहलुओं की समीक्षा के बाद संशोधन का मसविदा तैयार किया गया है। ट्रस्ट की अगली बैठक दो दिसंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में संभावना है कि संशोधन संबंधी प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर बैठक में रखा जाए। अब ट्रस्टी आपसी विमर्श के जरिए संशोधन के बिंदुओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

यह भी पढ़ें- जनकपुर अयोध्या ट्रेन के लिए नई व्यवस्था, जयनगर में कस्टम जांच के बाद ही रवाना होगी सरयू कमला एक्सप्रेस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।