अयोध्या: दिसंबर तक पूरी होगी 100 एकड़ वाले राम मंदिर परिसर की सुरक्षा दीवार, 90 प्रतिशत काम हुआ पूरा
रामजन्मभूमि परिसर की 100 एकड़ में फैली सुरक्षा दीवार का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि 90% काम हो चुका है, जबकि वॉच टावर निर्माण धीमा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सुरक्षा दीवार का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद।
रामजन्मभूमि परिसर की 90 प्रतिशत सुरक्षा दीवार बन चुकी है।
वॉच टावर निर्माण की गति अभी भी धीमी है।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। करीब 100 एकड़ में फैले रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा दीवार का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने यह जानकारी दी। वह शुक्रवार से शुरू होने वाली निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक में शामिल होने गुरुवार को अयोध्या पहुंचे।
उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत प्रधानतम पीठ में विराजे बजरंगबली के दर्शन से की और पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत भी की।मिश्र के अनुसार, सुरक्षा दीवार का करीब 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि, वाच टॉवर बनाने की गति धीमी है।
दीवार के साथ प्रस्तावित 18 वाच टावर में से अब तक तीन का निर्माण पूरा हुआ है। सुरक्षा दीवार 3400 मीटर लंबी, 16 मीटर ऊंची और 400 मिलीमीटर मोटी है। इसका निर्माण इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड कर रही है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर और उससे जुड़े आस्था के प्रकल्पों का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है।
परिसर के बाहरी क्षेत्र में प्रेक्षागृह और संत निवास का काम अंतिम चरण में है। इन सभी निर्माण कार्यों के दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- 'चुनौती देने वालों को आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं', CM योगी का अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज