विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या राम मंदिर में सामान्य दर्शन पास की सुविधा पूरी तरह बंद, वेबसाइट से भी हटाया गया विकल्प  

Published: Thu, 15 Oct 2026 01:38 PM (GMT+05:30)

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सामान्य दर्शन पास की सुविधा बंद कर दी है और वेबसाइट से इसका ऑनलाइन बुकिंग विकल्प हटा दिया है।

अयोध्या राम मंदिर।

अयोध्या राम मंदिर।

HighLights

  1. ट्रस्ट ने सामान्य दर्शन पास की सुविधा बंद की।

  2. वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग का विकल्प हटाया गया।

  3. पास के दुरुपयोग रोकने हेतु यह महत्वपूर्ण कदम।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सामान्य दर्शन पास की सुविधा बंद कर दी है और अपनी आधिकारिक वेबसाइट से इस पास की आनलाइन बुकिंग का विकल्प भी हटा दिया है।

सुगम दर्शन व आरती पास की आनलाइन बुकिंग को पूर्ववत रखा गया है। ट्रस्ट ने परिसर के मंदिरों में दर्शन के लिए पास की बाध्यता तो मई माह के अंत में खत्म कर दी थी, लेकिन इच्छुक दर्शनार्थी अब भी सामान्य पास बुक करके दर्शन कर रहे थे।

बाध्यता खत्म हो जाने के बाद भी बुकिंग का विकल्प उपलब्ध होने के कारण इसके दुरुपयोग की आशंका थी। गत जून माह में ओडिशा की महिला श्रद्धालु ने एक होटल संचालक पर सामान्य दर्शन पास के लिए प्रति व्यक्ति एक हजार रुपये वसूलने का आराेप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत भी की थी।

रामजन्मभूमि परिसर के समस्त मंदिरों का निर्माण पूर्ण होने के उपरांत गत 13 अप्रैल से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सात पूरक मंदिरों और सात ऋषियों-मुनियों के मंदिरों में दर्शन आरंभ कराया था। प्रारंभ में अधिक संख्या में दर्शनार्थियों के आगमन के दृष्टिगत ट्रस्ट ने पास के माध्यम से ही दर्शन शुरू किया था।

पूरक व सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन के लिए ट्रस्ट ने पहले से बनने वाले सुगम व विशिष्ट दर्शन पास के अलावा सामान्य पास की भी सुविधा दस अप्रैल से शुरू की थी। सामान्य पास केवल ट्रस्ट की वेबसाइट से आनलाइन बुक होते थे। लगभग दो माह बाद जब दर्शनार्थियों की संख्या सामान्य स्तर पर पहुंच गई, तो ट्रस्ट ने मई के अंत में पास की बाध्यता खत्म कर दी थी।

इससे दर्शनार्थी इच्छानुसार सभी मंदिरों का दर्शन कर पा रहे थे। यही व्यवस्था वर्तमान में भी लागू है। पूरक या सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता अब नहीं रह गई है। वेबसाइट से पास बुक होने की सुविधा मौजूद रहने से दुरुपयोग हो रहा था, इसलिए ट्रस्ट ने इसे पूर्णत: बंद करते हुए विकल्प भी हटवा दिया है।

यह भी पढ़ें- यामी गौतम ने लिया 'रामलला' का आशीर्वाद, Nayyi Navelli की रिलीज से पहले अयोध्या में किए राम मंदिर के दर्शन

रामजन्मभूमि परिसर के मंदिर

  • राम मंदिर : भूतल पर रामलला व प्रथम तल पर रामपरिवार।
  • परकोटे के मध्य निर्मित मंदिर : मां दुर्गा, मां अन्नपूर्णा, भगवान गणेश, भगवान शंकर, भगवान सूर्य, हनुमान मंदिर।
  • परकोटे के बाहर स्थित मंदिर : शेषावतार लक्ष्मण मंदिर, महर्षि वाल्मीकि, गुरु वशिष्ठ, गुरु विश्वामित्र, ऋषि अगस्त्य, माता शबरी, माता अहिल्या, निषादराज गुह्य।
  • यात्री सुविधा केंद्र परिसर में मंदिर : गोस्वामी तुलसीदास मंदिर।
  • परिसर के प्राचीन कुबेर टीला पर : कुबेरेश्वर महादेव मंदिर।