राम मंदिर में दान की सुरक्षा होगी और भी सख्त, शिरडी के साईं मंदिर का मॉडल अपनाने की तैयारी
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट दान की सुरक्षा को लेकर सजग हो गया है।

राम मंदिर
HighLights
चढ़ावा चोरी के बाद राम मंदिर दान सुरक्षा पर ध्यान।
शिरडी साईं मंदिर के दान प्रबंधन मॉडल का अध्ययन किया।
भविष्य में अयोध्या में भी यह मॉडल अपनाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी सामने आने के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, रामलला को प्राप्त होने वाले दान की सुरक्षा के प्रति भी सजग हुआ है। भविष्य में उस घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा के ठोस उपाय किए जा रहे हैं।
ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र के नेतृत्व में सचिव व अभियंता जगदीश आफले और प्रबंधन अधिकारी सुधांशु ने महाराष्ट्र स्थित शिरडी साईं मंदिर का दौरा किया है। वहां आने वाले दान के हिसाब-किताब, उसकी गिनती प्रक्रिया और बैंक में धनराशि जमा कराने व स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को समझा है।
टीम अभी वहां से लौटी नहीं है। सीईओ के गुरुवार तक अयोध्या आ जाने की संभावना है। इसके बाद ट्रस्टियों की सहमति पर गणना कक्ष में बड़े बदलाव होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गाेविंद देव गिरि के निर्देश पर सीईओ जितेंद्र मिश्र ने सचिव जगदीश आफले के साथ साईं मंदिर का दौरा किया है। सीईओ वहां सोमवार को पहुंचे और मुख्य लेखाधिकारी मंगला भास्कर वराडे से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले दान का लेखा-जोखा और उसकी गिनती की प्रक्रिया समझी है।
गिनती के बाद किस प्रकार से बैंक में धनराशि जमा कराई जाती है और दानराशि एकत्रीकरण वाले कक्ष यानी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा कैसे होती है, इसका विस्तृत अध्ययन किया है। सीईओ से इस संदर्भ में बात नहीं हो सकी। उन्होंने फोन नहीं रिसीव किया। सचिव जगदीश आफले ने दूरभाष पर बताया कि वह दिल्ली में हैं, लौटने पर बताएंगे।
ट्रस्ट से जुड़े लोगों के अनुसार टीम गुरुवार दोपहर तक आ जाएगी। दो दिसंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट की बैठक में प्रतिभाग करने महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि 30 नवंबर को यहां आ रहे हैं। उनसे बातचीत के पश्चात सीईओ दानराशि की गणना को लेकर कुछ परिवर्तन करेंगे। शिरडी साईं मंदिर का माडल यहां भी अपनाया जा सकता है।
शिरडी में विशेष पाइप के माध्यम से गणना कक्ष तक पहुंचती है धनराशि
साईं मंदिर, शिरडी में प्रतिदिन मिलने वाले दान की गणना सप्ताह में दो बार ही कराई जाती है। दानपेटियों से धनराशि विशेष पाइप के माध्यम से गणना कक्ष तक पहुंचती है। बिना जेब वाले कपड़े पहनकर कर्मचारी बैंक, धर्मादाय आयुक्त व सुरक्षा अधिकारियों की निगरानी में गिनती करते हैं। संस्थान व बैंक के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ताले खुलते हैं।
धनतेरस पर शिफ्ट हो गया है गणना कक्ष
रामजन्मभूमि परिसर के गणना कक्ष को ट्रस्ट ने इसी माह छह नवंबर को धनतेरस के दिन यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) से परकोटे के बेसमेंट में शिफ्ट करा दिया है। अब राम मंदिर से गणना कक्ष की दूरी काफी कम है। उत्तरी परकोटे में बनाए गए नए गणना कक्ष से गेट संख्या-पांच (जगद्गुरु रामानुजाचार्य प्रवेश द्वार) भी लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर ही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।