रामजन्मभूमि परिसर का हर कोना एक लाख दीयों से होगा जगमग, गर्भगृहों में जलेंगे देसी घी के दीये
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दीपावली पर अयोध्या परिसर को भव्यता से सजाने की तैयारी की है। एक लाख से ...और पढ़ें

HighLights
एक लाख से अधिक दीयों से सजेगा परिसर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे दीपोत्सव का शुभारंभ।
गोबर के दीयों में देसी घी से होगी रोशनी।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। दीपों के पर्व दीपावली पर रामलला के धाम की भव्यता बढ़ाने और पूरे परिसर को जगमगाने के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तैयारी पूरी कर ली है।
लगभग 100 एकड़ के पूरे परिसर को एक लाख से अधिक दीयों, फसाड लाइट, विविध प्रकार के फूलों, रंगीन झालरों व हैलोजनों से प्रकाशमान किया जाएगा। दीप प्रज्ज्वलन के लिए एक हजार से अधिक कार्यकर्ता लगाए गए हैं। सभी को अलग-अलग दायित्व सौंप दिए गए।
रामलला सहित सभी देवी-देवताओं के गर्भगृहों में गोबर से बने दीयों को देसी घी से प्रज्ज्वलित किया जाएगा। रामलला के सम्मुख पहला दीया जलाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस बार अंगद टीला, सुग्रीव किला, कुबेर टीला सहित प्रत्येक कोनों को प्रकाशमान किया जाएगा।
दीपोत्सव के अवसर पर रामलला का दर्शन करने पहुंचे रामभक्तों को परिसर की आकर्षक साज-सज्जा रामजन्मभूमि पथ से ही आकर्षित करेगी। ट्रस्ट की ओर से सभी प्रवेश द्वारों को वंदनवार व फूलों से सज्जित कराया जा रहा है। इसमें भांति-भांति के प्राकृतिक व कृत्रिम पुष्प लगाए जा रहे हैं।
मंदिरों के प्रांगण, सिंह द्वार, परकोटा और सभी मंडपों में आकर्षक रंगोलियां बनाई जाएंगी। दीपोत्सव के दसवें संस्करण में यह पहला अवसर है, जब रामनगरी तो सज-संवर ही रही, रामजन्मभूमि परिसर के प्रत्येक प्रकल्प भी जगमगाएंगे।
अब किसी मंदिर का निर्माण शेष नहीं होने से ट्रस्ट ने सभी जगहों पर दीये जलाने का निर्णय लिया है। राम मंदिर सहित परकोटे के छह पूरक मंदिरों (दुर्गा, अन्नपूर्णा, गणेश, शंकर, सूर्य व हनुमान) को फसाड लाइट प्रकाशित करेगी, तो परकोटे के बाहर शेषावतार मंदिर, सप्तर्षि मंदिर, कुबेर टीला, वैकल्पिक गर्भगृह, हुतात्मा स्मारक, यात्री सुविधा केंद्र, तुलसीदास मंदिर सहित अन्य स्थानों पर दीयों, रंगीन झालरों व हैलोजनों को लगाया जा रहा है।
दीप प्रज्वलन से किसी प्रकल्प को क्षति न पहुंचे, इसके लिए ट्रस्ट ने मिट्टी के साथ मोम, गोबर से बने दीयों को भी मंगाया है। पूरा परिसर पांच जोन में विभक्त किया गया है। सभी जोन के अलग-अलग प्रभारी बना दिए गए हैं।
इन्हें दीप बिछाने के साथ जलाने का भी दायित्व दिया गया है। समस्त कार्यों की निगरानी ट्रस्टियों के साथ ही सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र कर रहे हैं। शीघ्र ही ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि के भी पहुंच जाने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।