10वें दीपोत्सव के महापर्व पर स्वागत को सजकर तैयार रामनगरी, आज से पांच दिवसीय उत्सव का शंखनाद
अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का पांच दिवसीय महापर्व गुरुवार से शुरू हो रहा है, जिसके लिए रामनगरी पूरी तरह सजकर तैयार है।

अयोध्या दीपोत्सव 2026।
HighLights
गुरुवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा।
रामनगरी आस्था, उल्लास और उत्सव की रोशनी से सजी।
सीएम योगी के विजन से दिव्य और भव्य स्वरूप।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी में दीपों का महापर्व दस्तक दे चुका है। रामनगरी सज धज कर अपने अराध्य के स्वागत को आतुर है।
सरयू तट से लेकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर तक आस्था, उल्लास और उत्सव की रोशनी बिखरने को तैयार है। गुरुवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव का शंखनाद होगा।
अगले पांच दिनों तक रामनगरी दीपों की आभा के साथ रामकथा, लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम की साक्षी बनेगी। सात नवंबर को दीपोत्सव का मुख्य आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप रामनगरी को दिव्य और भव्य स्वरूप देने की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार स्थापित किए गए हैं।
लाइटों और झालरों से सजी रामनगरी
मंदिरों की कलात्मक आकृतियों, धार्मिक प्रतीकों, दीपकों और पारंपरिक डिजाइन से सजे ये स्वागत द्वार रामनगरी की धार्मिक पहचान को और निखार रहे हैं। सड़कों के किनारे विद्युत झालरों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक प्रकाश सज्जा से पूरा शहर उत्सवी रंग में रंगने लगा है।

शाम ढलते ही जगमगाते मार्ग और सुसज्जित द्वार श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। गुरुवार से लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन भी शुरू हो जाएगा।

रामकथा पार्क सहित अन्य आयोजन स्थलों पर मंच, दर्शक दीर्घा और प्रकाश व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद के बीच रामनगरी अपनी आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक परंपरा के साथ त्रेतायुग की दिव्य अनुभूति कराने के लिए तैयार है।