विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दाखिल चार्जशीट प्रदेश का सबसे बड़ा आरोपपत्र, देश में तीसरे स्थान पर

Published: Fri, 25 Sep 2026 08:20 AM (IST)

अयोध्या में चढ़ावा चोरी मामले की 73,480 पन्नों की चार्जशीट प्रदेश की सबसे बड़ी और देश की तीसरी सबसे बड़ी एकल चार्जशीट बन गई है।

अयोध्या राम मंदिर। (तस्वीर- फाइल)

अयोध्या राम मंदिर। (तस्वीर- फाइल)

HighLights

  1. अयोध्या चढ़ावा चोरी की 73,480 पन्नों की चार्जशीट दाखिल।

  2. प्रदेश की सबसे बड़ी, देश की तीसरी सबसे बड़ी चार्जशीट।

  3. 105 घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज, 173 गवाहों के बयान शामिल।

प्रह्लाद तिवारी, अयोध्या। भव्य राममंदिर के निर्माण के साथ अयोध्या में चढ़ावा चोरी की जांच भी अपने विशाल दस्तावेजी आकार के कारण लंबे समय तक चर्चा में रहेगी।

बुधवार को अदालत में दाखिल किया गया करीब 73,480 पन्नों का आरोपपत्र प्रदेश में पुलिस की सबसे बड़ी चार्जशीट बताया जा रहा है। उपलब्ध बड़े एकल आरोपपत्रों के आंकड़ों के आधार पर यह देश की तीसरी सबसे बड़ी एकल चार्जशीटों में शामिल हो गई है।

आरोपपत्र में चोरी की 105 घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज, 173 गवाहों के बयान और 422 दस्तावेज शामिल किए गए हैं। इसके अलावा बैंक खातों के लेनदेन, मोबाइल डेटा, फोरेंसिक जांच और चोरी की रकम की बरामदगी से जुड़े साक्ष्यों को भी विवेचना का हिस्सा बनाया गया है।

रामजन्मभूमि थाने में 25 जून को मुकदमा दर्ज होने के बाद लगभग 90 दिन में विवेचना पूरी कर आरोपपत्र दाखिल किया गया। 73,480 पन्नों को 90 दिनों में बांटें तो औसतन 822 पन्ने प्रतिदिन का दस्तावेजीकरण हुआ।

यह भी पढ़ें- चढ़ावा चोरी केस: कोर्ट में तलब नहीं होंगे चंपत राय-अनिल मिश्र और गोपाल राव, बार एसोसिएशन की अर्जी निस्तारित

24 घंटे के हिसाब से यह करीब 34 पन्ने प्रतिघंटा और आठ घंटे की कार्य अवधि मानने पर करीब 102 पन्ने प्रतिदिन बैठता है। हालांकि यह केवल चार्जशीट के कुल आकार पर आधारित गणना है, इससे विवेचना के दौरान जुटाई गई सामग्री और उसे विधिक दस्तावेज का रूप देने के काम का पैमाना समझा जा सकता है।

कैमरों ने खोली चोरी की 105 घटनाएं

एसआईटी की जांच में सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरी की 105 घटनाएं सामने आईं। विवेचना में 79.85 लाख रुपये की बरामदगी भी दर्ज की गई है। आरोपपत्र में 173 गवाहों के बयान और 422 दस्तावेज शामिल हैं। बैंक खातों की पड़ताल, मोबाइल डेटा और फोरेंसिक जांच से मिली सामग्री को भी साक्ष्य बनाया गया है।

मामले में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, अनुकल्प मिश्र, लवकुश, रमाशंकर मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और सुभाष श्रीवास्तव को आरोपित बनाया गया है। तमिलनाडु के सेलम में रियल एस्टेट कारोबारी समेत 28 आरोपियों से जुड़े 1,600 से अधिक निवेशकों की 74 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में 15 लाख से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल होने का उल्लेख मिलता है।

अयोध्या में राम मंदिर के गबन प्रकरण की एसआईटी जांच पकड़ेगी गति, सोमवार को  राम नगरी पहुंचेगी टीम - sit probe into the ram mandir embezzlement case in  ayodhya to gain momentum

टू-जी स्पेक्ट्रम घोटाले में करीब 80 हजार पन्नों का आरोपपत्र दाखिल हुआ था। इसके बाद अयोध्या का चढ़ावा चोरी प्रकरण करीब 73,480 पन्नों के साथ देश की सबसे बड़ी एकल चार्जशीटों में शामिल हो गया है। नीट पेपर लीक मामले में करीब 20 हजार और पुलवामा आतंकी हमला मामले में करीब 13,500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल हुआ था।

यह भी पढ़ें- अनुकल्प मिश्र निकला मास्टरमाइंड, 3300 टेक्स्ट मैसेज के जरिए रची गई थी राम मंदिर चढ़ावा चोरी की साजिश

बड़ी एकल चार्जशीटें

  • सेलम रियल एस्टेट मामला, तमिलनाडु - 15 लाख से अधिक पन्ने
  • टू-जी स्पेक्ट्रम घोटाला - करीब 80 हजार पन्ने
  • चढ़ावा चोरी प्रकरण, अयोध्या - 73,480 पन्ने
  • नीट पेपर लीक मामला - करीब 20 हजार पन्ने
  • पुलवामा आतंकी हमला मामला - करीब 13,500 पन्ने