विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'टूरिस्ट डेस्टिनेशन' के बाद 'वेडिंग डेस्टिनेशन' बन रही अयोध्या, शादियों के लिए दूसरे राज्यों से आ रहे लोग

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:18 PM (IST)

राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या अब 'टूरिस्ट डेस्टिनेशन' के साथ 'वेडिंग डेस्टिनेशन' के रूप में भी पहचान बना रही है।

राम मंदिर में दर्शन के लिए जाते श्रद्धालु। (तस्वीर- जागरण)

राम मंदिर में दर्शन के लिए जाते श्रद्धालु। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. अयोध्या अब 'टूरिस्ट' के साथ 'वेडिंग डेस्टिनेशन' भी बन रही है।

  2. दूर-दराज से लोग यहां आकर होटलों में शादी कर रहे हैं।

  3. विवाह के बाद रामलला के दर्शन से शादियां यादगार बन रही हैं।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। जन्मभूमि पर दिव्य-भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद ‘टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ में बदली अयोध्या की पहचान अब ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में भी हो रही है।

सुदूर क्षेत्रों या पड़ोस के जिलों में रहने वाले लाेग यहां पहुंच होटलों में शादी रचा रहे और विवाहोपरांत अपने आराध्य रामलला का दर्शन कर पुण्यलाभ भी अर्जित कर रहे हैं। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली होने के कारण रामनगरी में होने वालीं शादियां चिरस्मरणीय भी बनी रहेंगी।

इसी कारण यहां के हाेटलों में नवंबर से लेकर फरवरी तक कई विवाह समारोहों की बुकिंग पहले से हो चुकी है। किसी में दोनों पक्ष दूसरे जिलों या राज्यों के हैं, तो किसी में वधू पक्ष बाहर के तो वर पक्ष यहां के रहने वाले हैं। शादी समारोह ही नहीं, अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए भी अयोध्या पसंदीदा स्थल बन गया है।

ढाई वर्ष पूर्व दिव्य मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होने के उपरांत पर्यटन के क्षितिज पर रामनगरी अपनी वैश्विक पहचान स्थापित कर चुकी है। यहां देश के विभिन्न प्रांतों से ही नहीं, अपितु विदेश से भी पर्यटक व श्रद्धालु रामलला के दर्शन के साथ अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने पहुंच रहे हैं।

यहां अच्छे होटल, रेस्टोरेंट खुलने और सड़क, रेल व वायु मार्ग के बेहतर व सुलभ संसाधन होने से आसपास के जिलों या दूसरे राज्यों के भी लोग वैवाहिक समारोहों के लिए भगवान राम की धरती का चयन कर रहे हैं। पहले अधिकांशत: स्थानीय लोग ही शहर में विवाह व अन्य मांगलिक आयोजन करते रहे।

एक-दो वर्ष से गैर जिला या राज्यों के लोग भी रामनगरी के प्रति आकर्षित हुए हैं। यहां विवाह करने को लेकर दोनों पक्ष की सोच ‘एक पंथ-दो काज’ वाली है। दरअसल, अयोध्या में विवाह करने से एक तो शादी यादगार बनेगी, दूसरे वर-वधू पक्ष रामलला का दर्शन भी कर लेंगे।

होटल शाने अवध के मालिक शरद कपूर बताते हैं, शादियों के लिए बुकिंग कराने वालों में अधिकांशत: एक पक्ष दूसरे जिलों के ही हैं। ऐसी शादियां, जिनमें दोनों पक्ष बाहर के हों, उनकी संख्या तो काफी कम है। अयोध्या के रामबाग में अब डेस्टिनेशन वेडिंग लोकेशन बन गया है, जहां दोनों पक्ष बाहर से आकर विवाह कर रहे हैं।

रामनगरी में हुई शादी बनेगी यादगार

अयोध्या: अगले वर्ष 27 फरवरी को सिविल लाइन स्थित होटल शाने अवध में विवाह करने जा रहे विदेश मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी विशाल तिवारी बताते हैं, वह मूलरूप से सुलतानपुर के रहने वाले हैं।

उनके पिता राजेंद्र तिवारी जयपुर में ट्रांसपोर्ट मैनेजर हैं और वधू पक्ष भी राजस्थान के ही हैं। वह लोग जयपुर में भी विवाह कर सकते थे, लेकिन अयोध्या में विवाह करने की अलग अनुभूति होगी। यहां विवाहोपरांत दोनों पक्ष रामलला का दर्शन भी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु और वाराणसी के बीच दौड़ेंगी सात स्पेशल ट्रेनें, काशी-प्रयागराज-अयोध्या का भ्रमण करेंगे अतिथि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।