न्यूजीलैंड में नौकरी का झांसा देकर अयोध्या के बेरोजगार से 12 लाख की ठगी, न्यायालय के आदेश पर FIR
अयोध्या में एक बेरोजगार व्यक्ति से न्यूजीलैंड में नौकरी दिलाने के नाम पर 11.84 लाख रुपये की ठगी की गई।
-1793534966167_m.webp)
एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
न्यूजीलैंड में नौकरी के बहाने 11.84 लाख रुपये की ठगी।
पुलिस की निष्क्रियता पर न्यायालय ने दिया FIR का आदेश।
मवई और जौनपुर के तीन आरोपियों पर केस दर्ज।
संवाद सूत्र, अयोध्या। न्यूजीलैंड में नौकरी दिलाने के नाम पर एक बेरोजगार से 11 लाख 84 हजार रुपये ठग लिए गए। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, तो भुक्तभोगी ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर मवई के शिवमूरत तथा जौनपुर जिले के बदलापुर भलुआही निवासी राजेश बिंद व उसके भाई के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बाबाबाजार के रसीद पट्टी निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित शिवमूरत उनका परिचित है। वह दुबई में नौकरी करता है। उसने उनकी मुलाकात अन्य आरोपितों से कराई। आरोपित राजेश ने धर्मेंद्र को न्यूजीलैंड में फूड पैकर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले वीजा, टिकट आदि व्यवस्था के लिए कई किस्तों में 11.84 लाख रुपये धर्मेंद्र से लिये गये। कुछ रुपये सआदतगंज में ओवरब्रिज के नीचे दिए गए।
टिकट और वीजा के लिए धर्मेंद्र को लखनऊ बुलाया गया। बताये गए पते पर आरोपित नहीं मिला ताे धर्मेंद्र जौनपुर स्थित उसके आवास पर पहुंचे, जहां टिकट एवं वीजा नहीं दिया गया। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में धर्मेंद्र ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया गया। न्यायालय के आदेश पर कैंट थाना में मुकदमा पंजीकृत हुआ है।