विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रूस का सपना दिखाकर भेजा मलेशिया, देवरिया के युवक से लाखों की ठगी; कोर्ट के आदेश पर 3 आरोपियों पर केस दर्ज

Published: Sat, 31 Oct 2026 09:52 PM (IST)

देवरिया में एक युवक से रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.10 लाख रुपये ठग लिए गए।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. रूस में नौकरी का झांसा, 2.10 लाख रुपये ठगे गए।

  2. मलेशिया भेजकर पासपोर्ट छीने, नाले की सफाई कराई।

  3. न्यायालय के आदेश पर तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, देवरिया। रूस में 80 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 2.10 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि उसे दोस्त के साथ रूस के बजाय मलेशिया भेज दिया गया, जहां दोनों के पासपोर्ट छीनकर नाले की सफाई कराई गई। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। स्वदेश लौटने के बाद रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से सदर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाटपाररानी थाना क्षेत्र के खड़ेसर गांव निवासी राकेश कुशवाहा के अनुसार, सितंबर 2025 के पहले सप्ताह में कलेक्ट्रेट के पास उसकी मुलाकात रुद्रपुर थाना क्षेत्र के अकटहिया उर्फ मटियरी निवासी अमरनाथ यादव से हुई थी। उसने रूस के मास्को में फल पैकिंग की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। 25 सितंबर को राकेश अपने दोस्त अशोक कुशवाहा के साथ चौरीचौरा स्थित श्री वीरेंद्र ट्रेडिंग एंड टेस्ट सेंटर पहुंचा। वहां अमरनाथ और उसके भाई मन्जेश यादव ने दोनों का मेडिकल कराया। बाद में रूस का आफर लेटर और हवाई टिकट भेजा गया। वीजा, टिकट और अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग तारीखों में कुल 2.10 लाख रुपये ले लिए गए।

राकेश के मुताबिक, छह जनवरी 2026 को दोनों को दिल्ली बुलाया गया, लेकिन आठ जनवरी को टिकट निरस्त होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद 21 जनवरी का टिकट भी रद्द होने की जानकारी दी गई। कई महीने तक टालमटोल के बाद 29 जून को आरोपित उन्हें कोलकाता एयरपोर्ट ले गए, जहां पश्चिम बंगाल निवासी अल्ताफ गाजी से मुलाकात कराई गई। आरोप है कि रूस के बजाय दोनों को मलेशिया का टूरिस्ट वीजा देकर भेज दिया गया।

राकेश का आरोप है कि मलेशिया पहुंचने पर एक बांग्लादेशी व्यक्ति ने दोनों के पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिए और उनसे नाले की सफाई कराई। विरोध करने पर मारपीट की गई। किसी तरह भारत लौटने के बाद 15 जुलाई को दोनों चौरीचौरा स्थित कार्यालय पहुंचे और रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपियों ने धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद राकेश ने न्यायालय की शरण ली। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।