विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'साहब, मुझे मेरी पत्नी से बचाइए', अयोध्या में समाधान दिवस पर पहुंचे पीड़ित पति ने प्रशासन से लगाई गुहार

Published: Sat, 14 Nov 2026 03:52 PM (IST)

अयोध्या में समाधान दिवस पर एक पति ने अपनी पत्नी से जानमाल के खतरे का आरोप लगाते हुए सुरक्षा मांगी, ...और पढ़ें

अयोध्या में समाधान दिवस पर पहुंचे पीड़ित पति की प्रशासन से लगाई गुहार।

अयोध्या में समाधान दिवस पर पहुंचे पीड़ित पति की प्रशासन से लगाई गुहार।

HighLights

  1. पति ने पत्नी से जानमाल के खतरे की शिकायत की।

  2. पत्नी पर संपत्ति नाम कराने का दबाव बनाने का आरोप।

  3. समाधान दिवस पर राजस्व संबंधी विवादों की अधिकता रही।

जागरण टीम, अयोध्या। कोतवाली नगर में समाधान दिवस पर सुनवाई के दौरान फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। उपनिरीक्षक अरुण अग्निहोत्री सुनवाई कर रहे थे। तभी स्वामीदयानंद मार्ग निवासी एक व्यक्ति पहुंचता है। परेशान हाल में यह अपनी व्यथा उपनिरीक्षक से कहता है। उसकी कहानी अलग ही थी।

सुनवाई कर रहे उपनिरीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए कहता है कि साहब...मुझे मेरी पत्नी से बचाइये...। मुझे एवं परिवार को जानमाल का खतरा है। विवाह के बाद संतान पैदा नहीं करना चाहती है। लगातार संपत्ति अपने नाम पर करने का दबाव बना रही है। मना करने पर मुझे व परिवार के अन्य सदस्यों को जेल भेजने की धमकी देती है। मुझे पत्नी से खतरा है। युवक की बात सुनकर उपनिरीक्षक ने जांच कराकर कार्रवाई का निर्देश दिया।

वहीं एक अन्य युवक ने भी अपनी पत्नी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उसका संबंध किसी अन्य व्यक्ति से होने पर संदेह व्यक्त किया। उसका आरोप है कि पत्नी घर छोड़ कर कहीं चली गई है। युवक का कहना है कि उसे थाने बुलाकर पूछताछ की जाए कि वह कहां और किसके साथ रह रही है।

एसडीएम पर शिकायत न सुनने का आरोप

कुमारगंज थाना पहुंची उधरनपुर निवासी शकीना शिकायत सुन रहे उपजिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा व पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल के सामने पहुंचती हैं। वह कहती है कि साहब हमारे विपक्षी मुस्ताक घर बनाने नहीं दे रहे हैं, जबकि वह जमीन पुरानी आबादी की है।

मुस्ताक राजस्व पुलिस कर्मियों से मिली भगत कर मुझे निर्माण नहीं करने दे रहे हैं। साहब मैंने कई प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन मेरी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एसडीएम ने लेखपाल को आख्या देने का निर्देश दिया। दूसरा मामला पतला गांव की रीना देवी लेकर आई थीं।

राजस्व संबंधी विवाद रहे अधिक

शनिवार को जिले के सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व विवाद से जुड़े प्रकरण अधिक रहे। कोतवाली अयोध्या में कोई शिकायत नहीं आई। रौनाही थाना में छह, रुदौली में 29, पटरंगा में दस, मवई में पांच, बाबा बाजार में 13 शिकायतें राजस्व विवाद से संबंधित रहीं। इसी प्रकार थाना रामजन्मभूमि, कैंट, बीकापुर, हैदरगंज, तारुन, गोसाईंगंज, महराजगंज आदि थानों में भी राजस्व संबंधी प्रकरण अधिक रहे।

यह भी पढ़ें- मीरजापुर में धान खरीद आरंभ, डीएम ने किया शुभारंभ, पहले दिन 103 क्विंटल खरीद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।