UP के इस जिले में बनेंगे वर्ल्ड क्लास स्कूल, नीदरलैंड की तर्ज पर होंगे संचालन, सरकार ने दी 57.55 करोड़ की मंजूरी
अयोध्या को विश्वस्तरीय विद्यालयों की सौगात मिली है। योगी सरकार ने इसके लिए 57.55 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी को विश्वस्तरीय विद्यालयों की सौगात मिली है। इसके लिए योगी सरकार ने बजट में 57.55 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। पूरा व रुदौली क्षेत्र के पटरंगा में मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय को हरी झंडी मिली तो वहीं तारुन के भदौली में मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय खुलने का प्रविधान प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्तुत बजट में किया गया है। यहां से शिक्षा विभाग ने इन सभी का प्रस्ताव भेजा था।
पटरंगा में 23.11 करोड़ रुपये के खर्च से सीएम कंपोजिट विद्यालय निर्मित होगा। इसी तरह पूरा में भी विद्यालय का निर्माण होगा। ये दोनों ही नीदरलैंड की तर्ज पर संचालित होंगे। सीएम कंपोजिट विद्यालय में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीकों का ज्ञान भी मिल सकेगा। रुदौली में इस विद्यालय के खोले जाने के पीछे विधायक रामचंद्र यादव का अथक प्रयास रहा।
दो हजार छात्रों के प्रवेश की व्यवस्था
दरअसल, यह क्षेत्र शिक्षा की दृष्टि से पिछड़ा माना जाता है। सीएम माडल कंपोजिट विद्यालय प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई एक ही परिसर में होगी। अंग्रेजी माध्यम से संचालित होने वाले विद्यालय में दो हजार छात्रों के प्रवेश की व्यवस्था होगी। संचालन बेसिक शिक्षा विभाग करेगा।
बस सेवा, स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड होंगे। यह विद्यालय नीदरलैंड की तर्ज पर संचालित होंगे, जहां बच्चों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लगभग 10 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस परिसर में आधुनिक शैक्षिक ब्लाक, कंप्यूटर लैब, स्किल लैब और खेलकूद की पर्याप्त सुविधाएं होंगी। विधायक रामचंद्र यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ सहित बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह का आभार जताया है।
यह भी पढ़ें- 6 करोड़ से चमकेगा माता शीतला का दरबार, पर्यटन विभाग ने शुरू किया सौंदर्यीकरण का काम
उधर, बीएसए लालचंद ने बताया कि पटरंगा के अलावा पूरा के भदौली में भी सीएम माडल कंपोजिट विद्यालय खोला जाएगा। साथ ही तारुन में मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय का निर्माण होगा। बताया कि विभागीय डीपीआर पर बजट आवंटित हो गया है। शीघ्र ही टेंडर कर निर्माण शुरू किया जाएगा। बताया कि कार्यदायी संस्था भी नामित हो गई।
शिक्षा के पिछड़े क्षेत्र में वैश्विक स्तरीय विद्यालय खोलने के लिए बजट आवंटित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह का आभार है। इसमें एक ही परिसर में इंटरमीडिएट तक की अत्याधुनिक शिक्षा की व्यवस्था होगी। पिछड़े क्षेत्र में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठेगा। - रामचंद्र यादव, रुदौली विधायक
अयोध्या के विकास के साथ ही विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके लिए बहुत बहुत बधाई। सरकार की इस पहल से गोसाईगंज क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सकेगी। - अभय सिंह, विधायक गोसाईंगंज
-रामनगरी को वैश्विक नगरी बनाने के साथ ही यहां के विद्यार्थियों को समुचित व गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्यावासियों की ओर से बहुत आभार व अभिनंदन है। - वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक अयोध्या
