दीपावली-छठ पर घर जाने यात्रियों को नहीं होगी टेंशन, अयोध्या में छह से 17 नवंबर तक हर मिनट पर मिलेगी बसें
परिवहन निगम ने दीपावली और छठ पर्व के लिए अयोध्या परिक्षेत्र से 6 से 17 नवंबर तक 296 अतिरिक्त बसें ...और पढ़ें

छह से 17 नवंबर तक यात्रियों को हर मिनट मिलेगी बसें।
HighLights
दीपावली-छठ के लिए 296 अतिरिक्त बसें चलेंगी।
अयोध्या परिक्षेत्र में 6 से 17 नवंबर तक सेवा।
अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर पूर्ण रोक।
संवाद सूत्र, अयोध्या। दीपावली के दो दिन पूर्व यानी छह नवंबर से छठ पर्व 15 नवंबर के दो दिन बाद 17 नवंबर तक परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों के संचालन की योजना को अंतिम रूप दे दिया है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिक्षेत्र के चारों डिपो से इस बार 296 अतिरिक्त बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर किया जाएगा। इस अवधि में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश पर रोक रहेगी।
इस दौरान शत प्रतिशत बसों के संचालन का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए निगम ने प्रोत्साहन योजना भी चलाई है, जिससे वह त्योहारों को दोगुने आनंद के साथ मना सकें।
परिक्षेत्र में अयोध्या, अकबरपुर, सुलतानपुर और अमेठी डिपो शामिल हैं। 12 दिनों की इस अवधि को बेहद गंभीरता से लिए जाने का निर्देश है, जिसके पीछे ट्रेनों में सीट फुल होने के साथ एयरलाइंस का किराया कई गुना बढ़ जाना बताया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एक मात्र सुरक्षित सहारा परिवहन निगम की बसें ही हैं।
योजना ऐसी बनाई गई है कि 12 दिनों की अवधि में प्रतिदिन 32 बसें दिल्ली, 90 बसें लखनऊ वाया कानपुर, 19 बसें लखनऊ वाया गोरखपुर, 65 बसें लखनऊ वाया आजमगढ़ रूट पर अतिरिक्त संचालित की जाएंगी। इसके अलावा धार्मिक नगरी प्रयागराज के लिए 55 बसें और वाराणसी के लिए 35 बसों का अतिरिक्त संचालन किया जाएगा।
इस संबंध में परिक्षेत्र के चारों डिपो के एआरएम को विस्तृत निर्देश जारी कर दिया गया है। हमारे लिए यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा पहली प्राथमिकता है। अतिरिक्त बसों के संचालन के जरिये यह प्रयास किया जाएगा कि यात्रियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। -काशी प्रसाद, क्षेत्रीय प्रबंधक अयोध्या, परिवहन निगम।
यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी, मुजफ्फरनगर से चलेंगी 145 अतिरिक्त बसें, परिवहन निगम तैयार