अयोध्या दीपोत्सव के लिए पांच जोन में बंटा रामजन्मभूमि परिसर, प्रज्वलित होंगे एक लाख दीये
अयोध्या में दीपोत्सव के दसवें वर्ष के लिए रामजन्मभूमि परिसर को एक लाख से अधिक दीयों से जगमगाया जाएगा। श्रीरामजन्मभूमि ...और पढ़ें

अयोध्या दीपोत्सव के लिए पांच जोन में बंटा रामजन्मभूमि परिसर।
HighLights
रामजन्मभूमि परिसर में एक लाख से अधिक दीये जलेंगे।
दीपोत्सव के लिए परिसर को पांच जोन में बांटा गया।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तैयारियां पूरी कीं।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव के दसवें वर्ष में रामनगरी भव्यता व दिव्यता का नया अध्याय लिखेगी। इसके लिए राम मंदिर सहित पूरे रामजन्मभूमि परिसर को एक लाख से अधिक दीयों से जगमगाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में होने वाले दीपोत्सव की तैयारियां रामजन्मभूमि परिसर में भी शुरू हैं।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक लाख दीयों को प्रज्वलित करने की जिम्मेदारी एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को सौंपी है। इसके लिए मंदिर परिसर को पांच जोन में बांटा गया है। सभी जोन के प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
ट्रस्ट की ओर से यात्री सुविधा केंद्र परिसर में बैठक कर दीपोत्सव की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व संभाल रहे प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र , सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे ने कार्ययोजना विस्तार से समझाई। राम मंदिर का विशेष अलंकरण किया गया है।
अब अगले पांच दिनों में परिसर के अन्य हिस्सों के अलंकरण और दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियां पूरी की जाएंगी। दीप प्रज्वलन के लिए विभक्त हुए पांच जोन में से प्रथम जोन की जिम्मेदारी अर्चक प्रमुख आचार्य केशव को सौंपी गई है। इस जोन में मंदिर प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस और यज्ञशाला क्षेत्र समेत 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित होंगे।
जोन-दो में कुबेर टीला, सप्तमंडपम, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक और पंचवटी सहित अन्य स्थान रखे गए हैं। यहां दीप प्रज्ज्वलन का दायित्व चंदन क्षितिज और उनकी टीम को सौंपा गया है। इस जोन में भी 30 हजार से अधिक दीप जलेंगे।
जोन-तीन में वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केंद्र, पीएफसी प्लाजा और नल टीला शामिल है। यहां पीपी मिश्र के नेतृत्व में 14 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जोन-चार में यात्री सेवा केंद्र एवं अंगद टीला काे रखा गया है।
इसकी जिम्मेदारी कैप्टन (सेवानिवृत्त) जेपी द्विवेदी और उनकी टीम को दी गई है। यात्री सेवा केंद्र, अंगद टीला, सीता रसोई और रामानंदाचार्य द्वार सहित अन्य स्थानों पर 13 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे। जोन-पांच में रामजन्मभूमि पथ, दर्शन मार्ग, सिंह द्वार और चरण पादुका को रखा गया है। यहां नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
इस टीम को यूपी पुलिस व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का भी सहयोग मिलेगा। ट्रस्ट के समाचार प्रबंधक सुभाषचंद्र सिंह ने बताया कि दीपोत्सव की सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएंगी। यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सरकार की ओर से अयोध्या को विश्व पटल पर स्थापित करने के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान करेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।