अयोध्या में राम की पैड़ी पर 15 हजार अतिरिक्त श्रद्धालुओं के बैठने का इंतजाम, दीपोत्सव के लिए पहुंचे 10 लाख दीये
अयोध्या के दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी को भव्य रूप दिया जा रहा है, जिसमें धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए रंग में प्रस्तुत किया जाएगा।

दीपोत्सव पर दीप सज्जा के लिए अयोध्या राम की पैड़ी पर होती मार्किंग।
HighLights
राम की पैड़ी पर 15 हजार अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था।
दीपोत्सव के लिए 10 लाख दीये अयोध्या पहुंच चुके हैं।
धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को चित्रों व आकृतियों से दर्शाया गया।
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। रामनगरी के दीपोत्सव में इस बार दीपों की रोशनी के साथ अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत भी नए रंग में नजर आएगी। आयोजन स्थल राम की पैड़ी को नए कलेवर के साथ भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिरनुमा आकृतियां तैयार की जा रही हैं, वहीं भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से उकेरा गया है।
राम की पैड़ी पर दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने की क्षमता में 15 हजार की वृद्धि की गई है। मुख्य मंच के दोनों तरफ बैठने की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
आकर्षक स्वरूप देने के लिए छह स्टोन छतरियां और पांच दीपक भी पत्थरों से तैयार किए गए हैं। राम की पैड़ी को तीन भागों में विभाजित किया गया है। इसमें किनारों पर पौधे रोपित किए जा रहे हैं। म्यूरल वाल व स्टेडियम की तर्ज पर सीढ़ियों का निर्माण किया जा रहा है।

दीपोत्सव को लेकर ग्राउंड जीरो पर तैयारियों ने गति पकड़ ली है। दीपों की जगमगाहट तो मुख्य आकर्षण रहेगी ही, सजावट भी उत्सव की भव्यता बढ़ाएगी। धार्मिक संरचनाओं, रामायण आधारित चित्रों और आकर्षक साज-सज्जा के जरिए आस्था, संस्कृति और कला का संगम प्रस्तुत करने की तैयारी है।
मंदिरों जैसी आकृतियां तैयार कर उसे आध्यात्मिक परिवेश देने की कवायद चल रही है। कदम रखते ही श्रद्धालुओं को रामनगरी की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक वैभव का एहसास होगा।
प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इस बार के दीपोत्सव में आकर्षण का केंद्र बनने वाली म्यूरल वाल तैयार की जा रही है, जिसमें दीपक की आकृति बनाई गई है और बीच-बीच में दीपक जलाने के लिए स्थान भी निर्धारित हैं। छतरियों, प्लांटेशन और स्टेडियम की तर्ज पर सीढ़ियों का निर्माण भी किया जा रहा है।
10 लाख दीयों की हुई आपूर्ति
दीपोत्सव के लिए अब तक करीब 10 लाख दीये पहुंच चुके हैं, एक सप्ताह में सभी 33 लाख दीयों की आपूर्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, लाइटिंग, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राम की पैड़ी और अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 482 अस्थायी बायो टायलेट बनाए गए हैं।
डीएम व एसएसपी ने परखीं तैयारियां
डीएम-एसएसपी ने दीपोत्सव की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने राम की पैड़ी और रामकथा पार्क का निरीक्षण किया। डीएम ने सभी कार्यों को चार दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। सरयू घाट, राम कथा पार्क और हेलीपैड का भी निरीक्षण किया।
राम की पैड़ी, राम मंदिर, हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कैमरों से निगरानी की जाएगी। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन, नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
