अयोध्या दीपोत्सव: 220 टन बालू से तैयार हो रहा भव्य राम दरबार, 50 फीट लंबी सैंड आर्ट का अद्भुत नजारा
अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में 220 टन बालू से भव्य राम दरबार की सैंड आर्ट बनाई जा रही है।

220 टन बालू से तैयार हो रहा भव्य राम दरबार।
HighLights
अयोध्या में दीपोत्सव के लिए 220 टन बालू से राम दरबार
अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार बना रहे हैं यह कलाकृति
छह नवंबर तक पूरा होगा यह 50 फीट लंबा राम दरबार
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव पर रामनगरी में आस्था और कला का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। रामकथा पार्क के पास 220 टन बालू से भव्य राम दरबार की कलाकृति तैयार की जा रही है।
50 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची इस विशाल सैंड आर्ट में राम मंदिर के साथ प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की आकृतियां उकेरी जाएंगी।
अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट बिहार के मधुरेंद्र कुमार अपने चार सहयोगियों के साथ 30 अक्टूबर से इस कलाकृति को आकार देने में जुटे हैं। छह नवंबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
बालू के कणों को कलात्मक आकार देकर रामकथा को जीवंत करने की यह कोशिश दीपोत्सव के आकर्षण को नया आयाम देगी। कलाकृति में राम मंदिर की भव्यता के साथ राम दरबार की दिव्यता को भी दर्शाया जाएगा। इसकी विशालता और बारीक शिल्पकारी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

मधुरेंद्र कुमार अब तक 35 हजार से अधिक कलाकृतियां बना चुके हैं। उनकी रचनाओं में रेत के साथ राख, पत्तियों, पत्थर, धातु और फल-सब्जियों से तैयार कलाकृतियां भी शामिल हैं।
अयोध्या में तैयार हो रही इस सैंड आर्ट के माध्यम से विश्व शांति, प्रेम और सामाजिक सद्भाव का संदेश प्रसारित किया जाएगा। दीपोत्सव की रोशनी के बीच रेत पर उकेरा गया राम दरबार कला और आस्था की अनूठी अभिव्यक्ति बनेगा।