विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपोत्सव में रामनगरी के 500 वर्षों का इतिहास होगा जीवंत, अभिनय से दिखेगा मंदिर आंदोलन के पुरोधाओं का योगदान

Published: Fri, 06 Nov 2026 08:49 AM (IST)

अयोध्या के दसवें दीपोत्सव में 500 वर्षों का इतिहास और श्रीराम मंदिर आंदोलन की यात्रा एक विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी।

Ayodhya Deepotsav 2026 |

Ayodhya Deepotsav 2026 |

HighLights

  1. दीपोत्सव में अयोध्या के 500 वर्षों का इतिहास प्रदर्शित होगा।

  2. श्रीराम मंदिर आंदोलन के पुरोधाओं का योगदान अभिनय से दिखेगा।

  3. अयोध्या के विकास और मंदिर निर्माण की यात्रा बताई जाएगी।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। दसवें दीपोत्सव में इस बार रामनगरी के इतिहास, श्रीराम मंदिर आंदोलन और अयोध्या के विकास की यात्रा को विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

संस्कृति विभाग की ओर से रामकथा पार्क में लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में वर्ष 1500 ई. से लेकर वर्तमान समय तक के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को दर्शाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसका अवलोकन करेंगे।

प्रदर्शनी के जरिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक बदलावों की विस्तृत जानकारी मिलेगी। प्रदर्शनी में श्रीराम मंदिर आंदोलन के प्रमुख पुरोधाओं के योगदान को अभिनय आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत रूप में दिखाया जाएगा।

मंदिर आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण पड़ावों, मंदिर निर्माण की प्रक्रिया और वर्तमान भव्य स्वरूप तक की यात्रा को भी प्रदर्शित किया जाएगा। मंदिर परिसर के विकास के साथ अयोध्या में हुए आधारभूत ढांचे के विस्तार, सड़कों, सुविधाओं और शहर के बदलते स्वरूप की कहानी भी इसमें शामिल रहेगी।

मंदिर निर्माण से शहर के कायाकल्प तक की झलक

श्रीराम मंदिर के निर्माण और परिसर के विकास को प्रदर्शनी का प्रमुख हिस्सा बनाया जाएगा। अयोध्या में पर्यटन, आवागमन, जनसुविधाओं और शहरी आधारभूत ढांचे के विस्तार की तस्वीर भी दिखाई जाएगी।

रामकथा पार्क में आयोजित होने वाली यह प्रदर्शनी दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण आकर्षण होगी। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और युवाओं को इसके माध्यम से अयोध्या के इतिहास तथा मंदिर आंदोलन से जुड़े घटनाक्रमों को जानने का अवसर मिलेगा। अभिनय आधारित प्रस्तुतियां प्रदर्शनी को और अधिक प्रभावी बनाएंगी।

अयोध्या अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सलाहकार एवं विशेष कार्याधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि दसवें दीपोत्सव में अयोध्या की ऐतिहासिक यात्रा को व्यापक स्वरूप में प्रस्तुत करने की योजना है। संस्कृति विभाग की ओर से रामकथा पार्क में लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अयोध्या दीपोत्सव: सीएम योगी के स्वागत में कमल, कलश और दीपों से सजा रामकथा पार्क का मार्ग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।