अयोध्या सरयू तट पर छठ महापर्व की भव्य तैयारियां, सूर्योपासना के लिए सजी रामनगरी
अयोध्या में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की भव्य तैयारियां चल रही हैं, सरयू तट के घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

अयोध्या में छठ महापर्व की भव्य तैयारियां।
HighLights
सरयू तट पर छठ पूजा की भव्य तैयारियां जारी।
घाटों पर सुरक्षा हेतु ड्रोन, सीसीटीवी से निगरानी।
चार दिवसीय पर्व के लिए बाजारों में बढ़ी रौनक।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रामनगरी में उत्साह का रंग चढ़ने लगा है। सरयू तट पर पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुप्तार घाट से लेकर कच्चा घाट, ऋणमोचन घाट, नया घाट और लक्ष्मण घाट सहित प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नगर निगम के कर्मचारी घाटों की सफाई में जुटे हैं। वहीं, व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भी पूजा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। चार दिवसीय पर्व पर सरयू तट पर आस्था का विशेष नजारा देखने को मिलेगा। रामनगरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पर्व मनाते हैं।
छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण होगा। व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगी। बांस के सूप और दऊरा में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमुख घाटों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। अपर नगर आयुक्त भारत ने कहा कि बैरिकेडिंग, रस्सियों और दिशा-सूचक बोर्डों के माध्यम से श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित होगी।
घाटों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने के साथ सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली भी सक्रिय रखी जाएगी। प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों और नावों की तैनाती के साथ लाइफ जैकेट और बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे।
बाजारों में भी बढ़ी चहल-पहल
पर्व को लेकर चौक, रिकाबगंज, फतेहगंज, नाका, लता चौक पर रौनक बढ़ने लगी है। सूप, दऊरा, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। घरों में भी छठ के पारंपरिक पकवान और प्रसाद तैयार करने की शुरुआत हो चुकी है।
बाजार में पूजन सामग्री खरीद रहीं वंदना पर्व को लेकर उत्साहित हैं। कहती हैं कि घाट पर अर्घ्य देना व मां के हाथ का ठेकुआ खाना पर्व में सबसे अच्छा लगता है। छठ गीतों के बीच रामनगरी के घाटों पर सूर्योपासना और लोक आस्था का अनूठा संगम नजर आने की उम्मीद है।
रेलवे व बस स्टेशन पर उमड़ी भीड़
छठ पूजा में शामिल होने के लिए बड़े महानगरों में रह रहे कामगार दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, लखनऊ से रामनगरी पहुंच रहे हैं। बस स्टेशन सहित अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को यात्रियों का हुजूम लगा रहा। वहीं अयोध्या से बिहार सहित पूर्वांचल अपने गांव जाने के लिए लोग परेशान दिखे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।