जनगणना 2027: यूपी में आज से स्वगणना शुरू, मोबाइल और कंप्यूटर से दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण
अयोध्या में आज से जनगणना के लिए स्वगणना प्रक्रिया शुरू हो रही है, जिसमें लोग 30 नवंबर तक मोबाइल या कंप्यूटर से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
आज से 30 नवंबर तक चलेगी स्वगणना प्रक्रिया।
मोबाइल या कंप्यूटर से दर्ज करें परिवार का विवरण।
प्रगणक 1 दिसंबर से करेंगे ऑनलाइन विवरण का सत्यापन।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। जनगणना के लिए अब लोगों को प्रगणक के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना होगा। परिवार के सदस्य घर बैठे ही मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से अपनी और परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
इसके लिए सोमवार से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 30 नवंबर तक चलेगी। इस बार जनगणना पूरी तरह पेपरलेस होगी।
स्वगणना के पहले दिन जिले के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि ऑनलाइन अपना विवरण दर्ज कर इस प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों की जानकारी जुटाएंगे। साथ ही स्वगणना के दौरान ऑनलाइन दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन भी करेंगे।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकानों की स्थिति, आवासीय सुविधाओं और परिवारों से संबंधित विवरण एकत्र किया जाएगा। स्वगणना करने वाले प्रत्येक परिवार को 11 अंकों की विशिष्ट एसई (सेल्फ एन्यूमरेशन) आइडी मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा।
जब प्रगणक सत्यापन के लिए घर पहुंचेंगे तो परिवार के सदस्य को यह आइडी दिखानी होगी। प्रगणक अपने मोबाइल में उपलब्ध आइडी से इसका मिलान कर दर्ज सूचनाओं का सत्यापन करेगा। जिले में जनगणना की प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 5019 प्रगणकों और 840 सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी तय की गई है।
स्वगणना की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है। अपर जिला अधिकारी प्रशासन विशु राजा ने वीडियो जारी कर लोगों को ऑनलाइन स्वगणना की जानकारी दी है। प्रशासन ने लोगों से स्वगणना में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।