जनगणना के लिए 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, जन्म के तुरंत बाद दम तोड़ने वाले बच्चों की भी होगी गिनती
अयोध्या में 1 दिसंबर से जनगणना 2027 के लिए प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, जिसमें जन्म के तुरंत बाद मृत हुए बच्चों की भी गिनती की जाएगी।

राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण में उपस्थित प्रगणक व पर्यवेक्षक
HighLights
1 दिसंबर से जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे।
जन्म के तुरंत बाद मृत बच्चों की गिनती होगी।
बैंक खातों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। जनगणना-2027 के अंतर्गत एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचें, तो उन विवाहित महिलाओं को असहज कर देने वाले सवालों के लिए भी तैयार रहना होगा, जिनसे उनके जख्म ताजा हो जाएंगे। दरअसल, प्रगणकों को जन्म लेने के तुरंत बाद या कुछ समय उपरांत मृत हो चुके बच्चों की भी गिनती करने को कहा गया है। इनकी कुल संख्या व लिंगवार गणना पिछले एक वर्ष तक की जाएगी।
हालांकि प्रगणकों को यह निर्देश दिया गया है कि किसी के जख्मों को नहीं कुरेदते हुए यह भावुक सवाल कुशलतापूर्वक पूछें, जिससे उत्तरदाता की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचे। जनगणना अनुदेश पुस्तिका में इस सवाल को पूछने और इसे अंकित करने का तरीका समझाया गया है।
जिला प्रशासन इन दिनों प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को जनगणना के लिए प्रशिक्षित करने के साथ लोगों को स्वगणना के प्रति भी जागरूक कर रहा है। स्वगणना का चरण इसी माह 30 नवंबर को पूरा हो जाएगा। इसके बाद एक दिसंबर से सभी प्रगणक अपने पर्यवेक्षकों के निर्देशन में हर घर लोगों की गणना के लिए पहुंचेंगे।
जीवित जन्मे व बाद में मृत बेटा व बेटी की अलग-अलग संख्या होगी दर्ज
इस दौरान उन्हें कौन-कौन से सवाल करने हैं और किस प्रकार से जानकारी प्राप्त करना है, इसे प्रशिक्षण में भली-भांति समझाया जा रहा। इसके लिए जनगणना अनुदेश पुस्तिका भी दी गई है। प्रश्न संख्या-33 पर पिछले एक वर्ष के दौरान जीवित जन्मे बच्चों की संख्या पता लगाने को कहा गया है।
यह प्रश्न केवल वर्तमान में विवाहित महिलाओें के लिए ही होगा। एक वर्ष की गणना संदर्भ तिथि या गणना अवधि के अंतिम दिन से एक वर्ष पहले तक की जाएगी। कहा गया है कि यदि बेटी या बेटे का जीवित जन्म हुआ और यहां तक कि जन्म के तुरंत बाद उसकी मृत्यु हो गई, तो उसकी भी गणना होगी। हालांकि मृत जन्मे बच्चे को नहीं गिना जाएगा।
जीवित जन्मे व बाद में मृत बेटा व बेटी की अलग-अलग संख्या दर्ज होगी। जुड़वा बच्चे होने पर लिंगानुसार अलग-अलग प्रविष्टियां अंकित होंगी। इसके अलावा परिवार के प्रत्येक सदस्य के कुल कितने बैंक खाते हैं, इसे भी दर्ज करना है। इसमें सिर्फ वाणिज्यिक बैंकों, जैसे राष्ट्रीयकृत बैंक, निजी बैंक, विदेशी बैंक व सहकारी बैंकों में सभी प्रकार के खाते शामिल होंगे।
डाकघर का बचत खाता, सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ) या सावधि जमा (एफडी) आदि को अलग खाते के रूप में नहीं माना जाएगा।
यह भी पढ़ें- अयोध्या और सुलतानपुर राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगेगा अंकुश, आधुनिक कैमरों से होगा चालान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।