विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्‍या में बुर्का पहनकर आई मह‍िला तंमचा द‍िखाकर लूट ले गई ज्‍वेलरी, 58 सेकेंड का CCTV वीड‍ियो कर देगा हैरान

Published: Thu, 02 Apr 2026 08:53 PM (IST)

रुदौली, अयोध्या में गुरुवार को लूट की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक बुर्का पहने महिला और उसके पुरुष साथी ने पहले महेश ज्वेलर्स से आभूषण लूटे।

HighLights

  1. बुर्का पहने महिला ने महेश ज्वेलर्स से आभूषण लूटे।

  2. सभासद के घर से लाखों के जेवर चोरी, बहू पर हमला।

  3. सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान, गिरफ्तारी का प्रयास।

संवाद सूत्र, शुजागंज (अयोध्या)। लूट की दो वारदातों से गुरुवार को रुदौली दहला गई। लंबे समय बाद ऐसी दुस्साहसिक घटना हुई, जिसने व्यापारी और आमजन दोनों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। इस घटना में कई लोग नहीं, बल्कि एक बुर्का पहने नकाबपोश महिला और उसका पुरुष साथी शामिल है। महिला ने पहले आभूषण की दुकान में घुसकर असलहे के बल पर आभूषण लूट लिया और बाहर बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ भाग गई। घटना की छानबीन चल रही ही थी कि इसी गिरोह ने एक घर में लूटपाट की। दोनों ही मामलों में सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस अपराधियों की पहचान एवं उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। दोनों वारदातों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पहली घटना रुदौली के कोठी मोहल्ले की है। यहां स्थित महेश ज्वेलर्स में गुरुवार को दिनदहाड़े यह लूट हुई। लूटकांड का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जो एक मिनट 58 सेकेंड का है। पूरे रसूलबक्श निवासी महेश कुमार के आभूषण की दुकान मुहल्ला कोठी के पुराना बाजार में स्थित है।

नकाबपोश महिला ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची और आभूषण दिखने के लिए कहा। दुकानदार ने महिला के सामने आभूषण रख दिए। कुछ देर बाद महिला बाहर निकल जाती है। आसपास का जायजा लेकर वह वापस दुकान में आती है और व्यापारी को पिस्तौल दिखाकर काउंटर पर रखा आभूषण उठा लेती है।

व्यापारी उसे पकड़ने का प्रयास करता है, लेकिन वह तेजी से बाहर की ओर भागती है और बाहर खड़े बाइक सवार अपने साथी के साथ भाग निकलती है। रुदौली नगर सहित आसपास नाकाबंदी कर दी गई, लेकिन महिला का पता नहीं चला। व्यापारी के अनुसार महिला बदमाश ने सोने का हार एवं चेन लूटी है। लूटपाट के बाद दुकान के बाहर बाइक लेकर खड़े एक व्यक्ति के साथ वह भाग गई।

इस वारदात के बाद लूट की दूसरी घटना रुदौली नगर के मोहल्ला मलिकजादा में सभासद मोहम्मद शाहिद उर्फ भुलई के घर हुई, जिसमें बदमाशों ने करीब छह लाख रुपये कीमत के जेवर लूट लिए। सभासद मोहम्मद शाहिद ने बताया कि घटना के समय घर में उनकी बहू अकेली थी, जो दूसरे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान बदमाश बाहर से लगी कुंडी खोलकर घर में घुस गए और बेड के नीचे रखे जेवर तलाशने लगे। खटपट की आवाज सुनकर बहू की नींद खुल गई।

जब वह बाहर आई और किसी को फोन करने की कोशिश की, तभी पीछे से बदमाशों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश में आने पर बहू ने हिम्मत दिखाते हुए बाहर निकलकर बदमाशों को कमरे में बंद करने की कोशिश की और बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद उसने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक बदमाश छत के रास्ते कूदकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी है। लूट की दोनों ही वारदातें में एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। रुदौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इस वारदातों का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- विवाहिता को घर से निकाला, पति समेत छह पर मुकदमा; आठ साल पहले हुई थी शादी