मिनी नंदिनी योजना: अयोध्या में छह डेयरी खोलने के लिए चयन प्रक्रिया जारी, महिलाओं को 50 प्रतिशत अनुदान
रामनगरी अयोध्या में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 42 नई मिनी नंदिनी डेयरियां खोली जाएंगी, जिनमें से 36 का चयन ...और पढ़ें

HighLights
अयोध्या में 42 नई मिनी नंदिनी डेयरियां खोली जाएंगी।
इनमें 50% भागीदारी महिलाओं की होगी, मिलेगा 50% अनुदान।
साहीवाल और गिरि जैसी उन्नत नस्ल की गायें पाली जाएंगी।
प्रमोद दुबे, अयोध्या। रामनगरी में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी चल रही है। शहर से लेकर गांवों तक 42 नई मिनी नंदनी डेयरियां खोली जाएंगी। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 की 36 डेयरियों की चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
वहीं, 2026-27 के लिए छह नई डेयरियां खोलने के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। इन डेयरियों में 50 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की होगी। डेयरी खोलने के लिए शासन स्तर से लागत का 50 प्रतिशत अनुदान भी दिया जा रहा है।
यही नहीं, इसके लिए गायों की प्रजातियां भी तय की गई हैं, जिन्हें इन डेयरियों में पाला जा सकेगा। ये डेयरियां इसी वित्तीय वर्ष में खोली जाएंगी। इससे पहले जिले में चार नंदिनी और तीन मिनी नंदिनी डेयरियां ही संचालित थीं।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। गत वर्ष की चयनित 36 डेयरियों के लिए गायों को खरीदने की प्रक्रिया आरंभ करा दी गई है। इसमें लिए शेड आदि का काम पूरा हो चुका है, जबकि इसके लिए निर्धारित साहीवाल और गिरि गाय खरीदने के लिए लाभार्थी अन्य प्रदेशों के संपर्क में हैं।
इस वर्ष की छह डेयरियों के लिए 234 लोग आवेदन कर चुके हैं, जिसमें 50 प्रतिशत का संचालन महिलाओं की ओर से किया जाना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए 23 लाख 60 हजार रुपये परियोजना लागत पर 50 प्रतिशत अनुदान भी उपलब्ध कराएगा।
मिनी नंदिनी डेयरियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी, किसानों की आय बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। गायों की खरीद व प्रशिक्षण संबंधी सहायता भी विभाग की तरफ से दी जाती है। गत वर्ष की सभी 36 डेयरियों का काम पूरा हो चुका है, जिनके संचालन की तैयारी चल रही है।
-डाॅ. इंद्रदेव माहर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी
यह भी पढ़ें- मिनी नंदिनी योजना से स्वदेशी गोपालन को बढ़ावा, लॉटरी सिस्टम से होगा पात्र लाभार्थियों का चयन
यह भी पढ़ें- यूपी में मिनी नंदिनी योजना के तहत आवेदन का एक और मौका, पशुपालक 31 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
