अयोध्या दीपोत्सव का पहली बार आकाशवाणी पर होगा LIVE प्रसारण, इन दो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी सुन सकेंगे
आकाशवाणी अयोध्या केंद्र पहली बार दीपोत्सव का सजीव प्रसारण करेगा, जिसमें 20 कमेंट्रेटर व तकनीकी सदस्य राम की पैड़ी सहित विभिन्न स्थलों से उत्सव का सीधा विवरण देंगे।

अयोध्या दीपोत्सव 2026। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
आकाशवाणी अयोध्या पहली बार दीपोत्सव का सजीव प्रसारण करेगा।
20 कमेंट्रेटर राम की पैड़ी सहित विभिन्न स्थलों से प्रसारण करेंगे।
उत्सव का सीधा प्रसारण वैश्विक स्तर पर सुना जा सकेगा।
प्रवीण तिवारी, अयोध्या। पहली बार आकाशवाणी अयोध्या केंद्र दीपोत्सव का सजीव प्रसारण करेगा। इसकी विशेष तैयारी की गई है। 20 कमेंट्रेटर व तकनीकी सदस्यों की टीम तैयार कर दी गई है।
ये सभी अपने-अपने निर्धारित स्थलों, राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट, राम मंदिर के साथ रामकथा पार्क पर रहकर कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण करेंगे। कमेंट्री के जरिए उत्सव व नगरी का अलौकिक चित्र भी श्रोताओं तक पहुंचाएंगे। उत्सव का यह प्रसारण देश-विदेश में भी सुना जा सकेगा।
बुधवार को इसका ट्रायल सफलता पूर्वक किया गया। घाटों पर सज्जित किए जा रहे दीपों के दरम्यान उत्सव का दृश्यांकन कमेंट्रेटरों ने खूबसूरती से किया। स्वयंसेवकों व घाट समन्वयकों से सूचनापरक बातचीत प्रसारित की। लोगों के संस्मरण प्रसारित किए।
यह बस आकाशवाणी अयोध्या के कंटेंट हेड एवं सहायक निदेशक आशीष चतुर्वेदी की पहल से संभव हो सका है। योजना के अनुसार आकाशवाणी पर सात नवंबर को शाम साढ़े छह बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक सजीव प्रसारण होगा।
उत्सव को दुनिया के किसी भी हिस्से में मौजूद रहने वाले WAVES OTT App, NewsOnAir App तथा आकाशवाणी की आधिकारिक लाइव स्ट्रीमिंग सेवा के माध्यम से सुन सकेंगे।
पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दीपोत्सव का सीधा रेडियो प्रसारण किया जाएगा। इसका लक्ष्य रामनगरी के गौरव, आस्था और सांस्कृतिक वैभव को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करना है।
यह भी पढ़ें- अयोध्या दीपोत्सव 2026: पिपिरखौली गोशाला के गोबर से बने 5100 दीपकों से रोशन होगी रामनगरी