विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में गिरी, 18 श्रद्धालु घायल; बाबा कोटवा धाम जा रहे थे दर्शन करने 

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:23 AM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 10:25 AM (IST)

अयोध्या में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह हाईवे से नीचे गड्ढे में जा गिरी। 

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। (तस्वीर- जागरण)

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में गिरी।

  2. अयोध्या में हुए हादसे में कुल अठारह श्रद्धालु घायल।

  3. एक गंभीर घायल को बाराबंकी जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में 18 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को सीएचसी बनीकोडर में भर्ती कराया गया, जहां एक श्रद्धालु की हालत गंभीर होने पर उसे बाराबंकी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसा रविवार देर रात करीब दो बजे पटरंगा थाना क्षेत्र में अशरफपुर गंगरेला स्थित कल्याणी नदी पुल के पास हुआ। बताया गया कि इनायतनगर क्षेत्र के पैथोली व दुबे का पुरवा गांव के श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर अयोध्या से बाराबंकी जिले के बाबा कोटवा धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

इसी दौरान हाईवे पर अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से ट्राली में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कराया।

घायलों में आशावती, शांती देवी, तिवारी पुरवा के भगौती, चंद्रा देवी, दुर्गा प्रसाद, राजकुमार, तिलकराज, किरण, राजबाला, रामकुमारी, आशा देवी, संतोष कुमारी, शिवांश, नितिन दुबे, प्रियांशु और अमरेश सहित कुल 18 लोग शामिल हैं। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें- ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को 100 मीटर तक घसीटा, पांच लोग हुए घायल; आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुआ हादसा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।