औरैया- महोबा में मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही, उपायुक्त उद्योग व जिला सेवायोजन अधिकारी व 43 बीएलओ का वेतन रोका
औरैया और महोबा में मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों और बीएलओ पर कार्रवाई हुई है। औरैया में उपायुक्त उद्योग, जिला सेवायोजन अधिकारी समेत 4 बीएलओ का वेतन रोका गया, जबकि महोबा में 39 बीएलओ का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है।

मतदाता सूची का सत्यापन करते डीएम बृजेश कुमार। जागरण
HighLights
औरैया में उपायुक्त उद्योग, जिला सेवायोजन अधिकारी का वेतन रोका।
महोबा में 39 बीएलओ का वेतन लापरवाही के कारण रोका गया।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में ढिलाई पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई।
जागरण टीम, औरैया /कुलपहाड़ (महोबा)। मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर औरैया के जिलाधिकारी और महोबा में एसडीएम ने कार्रवाई की है। औरैया में उपायुक्त उद्योग, जिला सेवायोजन अधिकारी और चार बीएलओ (बूथ लेबल आफीसर) का वेतन रोका गया है। महोबा में चरखारी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 39 बीएलओ का वेतन अगले आदेश तक रोका गया है।
औरैया के जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को निर्वाचन संबंधी कार्यों के संबंध में अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट में बुलाई गई थी। इसमें उपायुक्त उद्योग एसके सूर्यवंशी और जिला सेवायोजन अधिकारी आशीष शुभम चौधरी शामिल नहीं हुए। दोनों अधिकारियों के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई है।
बूथ संख्या 406 के बीएलओ अंकित कुमार, बूथ संख्या 439 के बीएलओ उदयवीर सिंह, बूथ संख्या 148 के बीएलओ संदीप कुमार और बूथ संख्या 168 के बीएलओ रामलखन ने 17 नवंबर से शनिवार तक मतदाता सूची के तहत कोई भी फार्म नहीं भरवाया है। इस पर इनका वेतन भी रोका गया है।
उपायुक्त उद्योग का कहना है कि उनकी तैनाती कानपुर नगर में सहायक आयुक्त उद्योग पद पर है। उपायुक्त उद्योग दिनेश चंद्र के अवकाश पर होने के कारण उन्हें औरैया में यह अतिरिक्त चार्ज मिला है। वेतन रोके जाने के संबंध में जानकारी नहीं है। जिला सेवायोजन अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं की।
वहीं महोबा के चरखारी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, एसडीएम आदेश सिंह सागर ने 39 बीएलओ के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। 17 से 27 नवंबर के बीच फार्म-6 (नए मतदाता पंजीकरण) की प्रगति की समीक्षा में पाया गया कि 38 मतदान स्थलों पर 11 दिनों में मात्र एक-एक फार्म-6 प्राप्त हुआ। एक मतदान स्थल पर एक भी फार्म प्राप्त नहीं हुआ। इससे स्पष्ट है कि संबंधित बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पात्र नागरिकों, विशेषकर 18-19 वर्ष के युवाओं से संपर्क का कार्य गंभीरता से नहीं किया गया।
कलेक्ट्रेट में खुला डीसीसी, मिलेगी मतदाता सूची संबंधी जानकारी
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाताओं की सहायता के लिए कलेक्ट्रेट ककोर में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (डीसीसी) स्थापित किया गया है। यहां मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ ही समस्याओं का समाधान भी कराया जा सकेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 16 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
अफसरों ने पुनरीक्षण अभियान की हकीकत परखी
दिबियापुर, बिधूना और औरैया सदर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों में शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान की हकीकत परखी। बीएलओ के कार्यों को जांचा गया। डीएम, सीडीओ, एडीएम न्यायिक, एसडीएम ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। बीजीएम दिबियापुर मतदेय केंद्र पर नए मतदाताओं को जोड़े जाने के कार्यों में सुस्ती पर एडीएम ने फटकार लगाई। बीएलओ को चेतावनी दी कि कार्यों को ठीक ढंग से किया जाए। युवा मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।