मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना... औरैया में सरकार पर अखिलेश का तंज
अखिलेश यादव ने औरैया में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सच्चा सनातनी किसी का अपमान नहीं करता और ...और पढ़ें
HighLights
सहारनपुर घटना पर अखिलेश: सच्चा सनातनी किसी का अपमान नहीं करता।
गंगा एक्सप्रेसवे पर भ्रष्टाचार का आरोप, सरकार पर साधा निशाना।
बेरोजगारी, महंगाई और पुलिस अन्याय पर सरकार की आलोचना की।
जागरण संवाददाता, औरैया। एक सच्चा सनातनी, एक सच्चा संत और हिंदू कभी दूसरे का अपमान व भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचा सकता है। सहारनपुर की घटना पर पत्रकारों से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने यह बात कही। वह श्रीवाटिका गेस्ट हाउस दिबियापुर रोड बेला में सपा नेता गौरव रघुवंशी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए रविवार दोपहर करीब पौने तीन बजे पहुंचे थे।
अव्यवस्था के चलते वह पांच मिनट रुके और फिर चले गए, कुछ देर बाद लौटे और सभी से रूबरू हुए। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री किसी दूसरी धरती पर जाते हैं तो वह कहते हैं कि धरती हमारा परिवार है, वसुधैव कुटुम्बकम्। बाद में यह बातें भूल जाते।
सरकार पर तंज कसते हुए अखिलेश बोले कि मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना। एक्सप्रेसवे के नाम पर लाखों करोड़ों रुपये लूटे जा रहे। हर एक्सप्रेसवे से अपनी जेब भर रहे। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को ही देख लीजिए। मुख्यमंत्री की गोरखपुर फोरलेन सात हजार करोड़ की है। बेरोजगारी व महंगाई। पेट्रोल में मिलावट हो रही।
सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) पर उन्होंने कहा कि कही तो शून्य जीडीपी न हो, जैसा चल रहा वैसा ही दिखाई दे रहा। उन्होंने कहा कि बिधूना मार्ग के फोरलेन की हालत ही देख ली जाए, आज तक पूरी नहीं हो सकी है। पुलिस अन्याय कर रही है। जैसे ही हथेली गर्म होती तो पुलिस नरम हो जाती। चार बजकर 25 मिनट पर अखिलेश यादव काफिले के साथ लखनऊ के लिए निकल गए।
