विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में भारी बारिश का अलर्ट, डीएम ने 24 अगस्त को 12वीं तक के स्कूल बंद रखने के दिए निर्देश

Published: Sun, 23 Aug 2026 06:59 PM (IST)

औरैया में भारी बारिश की चेतावनी और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए, जिलाधिकारी के निर्देश पर 24 अगस्त ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. औरैया में 24 अगस्त को सभी स्कूल बंद रहेंगे

  2. भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम की संभावना के कारण निर्णय

  3. जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने घोषणा की

संवाद सहयोगी, ककोर (औरैया)। अत्यधिक वर्षा और मौसम विभाग द्वारा प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने 24 अगस्त को सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त एवं शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के विद्यालयों में लागू रहेगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाध्यापिकाओं को आदेश का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यालयों की ओर से अवकाश की सूचना अभिभावकों तक पहुंचाने को कहा गया है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने- अपने विकासखंडों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के लिए भी कहा गया है।

आज सुबह तेज धूप से बढ़ी उमस, दोपहर बाद झमाझम बारिश से मिली राहत

रविवार सुबह निकली तेज धूप ने उमस फिर से तेजी से बढ़ा दी। लोग गर्मी से बेहाल रहे। सड़कों पर निकले लोग धूप से बचने का प्रयास करते रहे। दोपहर बाद फिर मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में झमाझम बारिश होने लगी। करीब एक घंटे हुई बारिश में सड़कें जलमग्न हो गईं। वहीं, अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। 24 घंटे में 19.9 एमएम बारिश दर्ज की गई।

कई मुहल्लों और बाजारों में जलभराव

शहर में जलभराव की प्रमुख समस्या जल निकासी का उचित प्रबंध न होना है। इसके अलावा नालों की ठीक से सफाई न होने से उनमें कचरा भरा रहता है, जिससे बारिश के बाद पानी धीरे-धीरे निकल पाता है। लोगों का कहना है कि समय रहते नालों की सफाई ठीक से करा दी जाए तो जलभराव की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

दोपहर बाद करीब एक घंटे हुई बारिश

करीब एक घंटे हुई झमाझम बारिश से चारों ओर पानी ही पानी हो गया। संकट मोचन मंदिर मार्ग, गोशाला रोड, फूलगंज बाजार, होमगंज बाजार के अलावा रुहाई मुहाल, बनारसी दास, पढ़ीन दरवाजा नई बस्ती, आवास विकास, नरानपुर सहित कई मुहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई। बाजारों में खरीदारी करने गए लोगों को जलभराव के बीच से होकर निकलना पड़ा। जलभराव से आम लोगों के साथ दुकानदार भी परेशान हुए। वहीं, अधिकांश सड़कों पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई। मौसम विज्ञानी ने बताया कि वायुमंडल में 79 प्रतिशत आर्द्रता रही। सात किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चली।

किसानों के लिए फायदेमंद बारिश

दोपहर बाद हुई बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हुई। किसानों का कहना है कि दो दिन से अच्छी बारिश हो रही है। फसल में पानी की कमी थी। इस बारिश से खेतों में नमी लौट आई है। यह बारिश धान के लिए बहुत जरूरी थी। अब खाद डालने में आसानी होगी।

इधर, आज बारिश से डीएफसी लाइन के अंडरपास में भरा पानी

दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बाद रेलवे की डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर (डीएफसी) लाइन पर वीरपुर रोड स्थित अंडरपास में जलभराव हो गया। बारिश तेज होने के साथ अंडरपास में पानी का स्तर बढ़ता गया, जिससे लोगों को काफी सावधानी से निकलना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण थोड़ी देर की तेज बारिश में ही अंडरपास जलमग्न हो जाता है।