विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जरा सी लापरवाही से गई जान, औरैया में बाइक के पहिये में फंसा साड़ी का पल्लू, सड़क पर गिरकर महिला की मौत

Published: Sat, 14 Nov 2026 02:47 PM (GMT+05:30)

औरैया के अछल्दा में एक 62 वर्षीय महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। उनकी साड़ी का पल्लू पिछले ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है।

HighLights

  1. महिला की साड़ी का पल्लू बाइक पहिये में फंसा।

  2. संतुलन बिगड़ने से सिर के बल सड़क पर गिरीं।

  3. अछल्दा सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

संवाद सूत्र, अछल्दा (औरैया)। अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव गुनौली निवासी 62 वर्षीय महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। वह एक युवक के साथ शनिवार सुबह करीब छह बजे बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। रास्ते में उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिये में फंस गया। इससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी अछल्दा ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

गुनौली गांव निवासी 62 वर्षीय गीता देवी पत्नी सर्वेश कुमार दुबे शुक्रवार को गांव के प्रदीप कुमार पुत्र राजकुमार के साथ बाइक से रजुआमऊ गांव जा रही थीं। शादी समारोह में उन्हें पूड़ी बेलने का काम करना था। रास्ते में वंशी गांव के पास उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिये में उलझ गया। पल्लू पहिये में फंसते ही वह अपना संतुलन खो बैठीं और सिर के बल सड़क पर जा गिरीं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई।

घटना के बाद उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक अभिचल पांडेय ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उपनिरीक्षक मुन्नालाल और उपनिरीक्षक मेवालाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गीता देवी की मौत से पति सर्वेश कुमार दुबे और बेटे विवेक उर्फ चिंकू समेत परिवार में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।