फफूंद स्टेशन पर 7 करोड़ का नया फुट ओवरब्रिज, प्लेटफार्मों की बढ़ेगी लंबाई; यात्रियों को मिलेगी राहत
फफूंद रेलवे स्टेशन पर 7 करोड़ रुपये की लागत से नया रैंपयुक्त फुट ओवरब्रिज बनेगा, जिससे दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
फफूंद स्टेशन पर 7 करोड़ से रैंपयुक्त फुट ओवरब्रिज का निर्माण।
दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को प्लेटफार्म बदलने में मिलेगी सुविधा।
18.61 करोड़ से नया दो मंजिला स्टेशन भवन और प्लेटफॉर्म विस्तार।
जागरण संवाददाता, औरैया। उत्तर मध्य रेलवे ने फफूंद रेलवे स्टेशन पर नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब सात करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल 6.1 मीटर चौड़ा होगा।
रैंपयुक्त पुल बनने से दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। रेलवे ने निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है।
वर्तमान में स्टेशन पर सीढ़ियों वाला फुट ओवरब्रिज है। इससे दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में परेशानी होती है। नया रैंपयुक्त पुल बनने से उन्हें आवागमन में आसानी होगी। स्टेशन पर लिफ्ट लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। प्लेटफार्म नंबर एक-दो और तीन-चार पर लिफ्ट के लिए बाक्स तैयार किए जा रहे हैं।
इस साल पूरा होगा लिफ्ट लगाने का काम
रेलवे के अनुसार, इस वर्ष के अंत तक लिफ्ट लगाने का काम पूरा होने की उम्मीद है। यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए रेलवे ने स्टेशन पर नए दो मंजिला (जी प्लस-2) भवन के निर्माण को 18.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर, विशाल प्रतीक्षालय और रिटायरिंग रूम बनाने की योजना है।
स्टेशन के उत्तरी हिस्से में भगवतीगंज की ओर नया टिकटघर और प्रतीक्षालय बनाया जाएगा। यहां यात्रियों के लिए शीतल पेयजल और शौचालय की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। स्वीकृत बजट से माइक्रोवेव भवन और बैटरी कक्ष को भी व्यवस्थित किया जाएगा।
स्टेशन के मौजूदा प्लेटफार्मों की लंबाई बढ़ाने की भी योजना है। फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और नए स्टेशन भवन सहित प्रस्तावित कार्य पूरे होने पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- कानपुर-इटावा रेलमार्ग के तीन स्टेशनों का होगा कायाकल्प; भरथना, झींझक और फफूंद के विकास को 48 करोड़ मंजूर
