विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया के मुरादगंज सिलिंडर विस्फोट में दो युवकों की मौत, दिल्ली में इलाज के दौरान तोड़ा दम

By Jagran NewsEdited By: Vivek Shukla
Published: Thu, 01 Oct 2026 12:00 PM (IST)

मुरादगंज में एक मिठाई की दुकान के गोदाम में हुए सिलिंडर विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए शिवम प्रजापति ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुरादगंज गोदाम विस्फोट में घायल शिवम और विपिन की दिल्ली में मौत।

  2. दोनों गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों का दिल्ली में चल रहा था इलाज।

  3. हादसे के बाद बाल श्रम कानूनों पर उठे सवाल।

संवाद सहयोगी, अजीतमल (औरैया)। मुरादगंज कस्बे में मिठाई की दुकान के गोदाम के बेसमेंट में 13 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे हुए सिलिंडर विस्फोट में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय शिवम प्रजापति की बुधवार देर शाम व विपिन की गुरुवार सुबह दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई।

मुरादगंज चौराहे पर मनोज पोरवाल उर्फ छुन्ना की शिव शंभू स्वीट हाउस के गोदाम के बेसमेंट में कर्मचारी सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां रखे सिलिंडरों में से एक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि बेसमेंट की छत क्षतिग्रस्त हो गई और मलबा करीब 50 फीट दूर तक जा गिरा। गोदाम की पहली मंजिल पर लगी टिनशेड भी धमाके से उड़ गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और कस्बावासी मौके पर पहुंच गए।

हादसे में 18 वर्षीय शिवम प्रजापति पुत्र सज्जन बाबू, 22 वर्षीय विपिन पुत्र किशनलाल, 19 वर्षीय अतुल पुत्र किरोटेलाल और गौरव पुत्र दीपू घायल हुए थे। पुलिस को चारों दुकान के कर्मचारी बताए गए। हादसे के बाद दुकानदार ने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया था।

सभी का उपचार शुरू किया गया, लेकिन शिवम और विपिन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया था। घटना के बाद पुलिस, दमकल और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्फोट के कारणों और नुकसान की जानकारी जुटाई थी।

दो भाइयों में सबसे बड़ा था शिवम
शिवम निवासी जगतपुर, मुरादगंज, दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता सज्जन बाबू मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां रेशमा देवी और छोटे भाई चिंटू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम पसरा है।

यह भी पढ़ें- कानपुर मंडल ओपीडी समय-सारणी: उर्सुला, उन्नाव, इटावा समेत 13 जिलों के अस्पतालों में आज कौन से डॉक्टर बैठेंगे? देखें लिस्ट


माता-पिता के वीडियो से नाबालिग होने के दावों पर उठे सवाल
हादसे के बाद घायलों को बालिग बताए जाने के दावों के बीच उनके माता-पिता के वीडियो में बच्चों का जिक्र होने से उम्र को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घायलों की वास्तविक उम्र का सत्यापन जन्म प्रमाणपत्र, स्कूल अभिलेख और अन्य वैध दस्तावेजों से किया जाना जरूरी है। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि घायल यदि नाबालिग थे तो प्रतिष्ठान और गोदाम के बेसमेंट में किस नियम के अंतर्गत कार्य कर रहे थे। बाल श्रम कानून की कहीं धज्जियां तो नहीं उड़ रही थी।

यह भी पढ़ें- औरैया में दो मासूमों की गई जान, पानी भरे खेत में नहाते समय डूबने से मौत