AI ने खोली कातिल की पोल; Auraiya में शातिर हत्यारे ने फिल्म 'दृश्यम' की तरह छिपाया अपराध, जमीन में दबा था किशोरी का शव
औरैया में एक किशोरी की हत्या का खुलासा 23 दिन बाद हुआ, जिसमें चैट जीपीटी से मिली जानकारी अहम कड़ी ...और पढ़ें

HighLights
औरैया में किशोरी का शव 23 दिन बाद मिला
चैट जीपीटी से मिली जानकारी बनी अहम कड़ी
पिता और भांजे ने मिलकर की थी हत्या
जागरण संवाददाता, औरैया। एक किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है। बेला-बिधूना मार्ग पर ग्राम दलपपुर मोड़ के पास वन विभाग की जमीन में बबूल के पेड़ों के बीच दबा मिला शव करीब 16 वर्षीय किशोरी का निकला। पुलिस ने 23वें दिन शव की शिनाख्त करते हुए मामले का खुलासा किया। इस जांच में चैट जीपीटी से जुड़ी जानकारी भी अहम कड़ी बनी।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को सड़क से करीब 50 मीटर अंदर जमीन में दबा शव बरामद हुआ था। शव की पहचान करने और हत्यारोपितों तक पहुंचने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। जांच के दौरान शक के आधार पर किशोरी के बुआ के बेटे का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी पड़ताल की गई।
बताया गया कि मोबाइल फोन की जांच में चैट जीपीटी से हत्या के बाद शव को जमीन में दबाने और ऐसी जगह छिपाने के तरीके पूछे जाने की जानकारी सामने आई, जहां कुत्ते भी न पहुंच सकें। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और मामले की कड़ियां जोड़ते हुए किशोरी की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी कन्नौज जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली थी। आरोप है कि बार-बार घर से भागने की घटनाओं से नाराज होकर उसके पिता ने उसकी हत्या कर दी और शव को अपनी बहन की ससुराल के पास वन विभाग की जमीन में दबा दिया। इस वारदात में पिता के साथ उसके भांजे की भूमिका भी सामने आई है।
सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्र के अनुसार, अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या में पिता और उसके भांजे की संलिप्तता की बात सामने आई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
इस घटना ने फिल्म ‘दृश्यम’ की याद दिला दी, जिसमें अपराध छिपाने की कोशिश की जाती है। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
