जीएसटी धोखाधड़ी और पुलिस प्रताड़ना से परेशान युवक ने औरैया में दी जान
अजीतमल, औरैया में एक 22 वर्षीय युवक ने जीएसटी धोखाधड़ी में फंसाए जाने और अलीगढ़ पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने ...और पढ़ें

HighLights
अजीतमल में 22 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या।
जीएसटी धोखाधड़ी व अलीगढ़ पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप।
फर्जी फर्म से 9 करोड़ का लेनदेन, 2 करोड़ टैक्स देनदारी।
संवाद सहयोगी, अजीतमल (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी 22 वर्षीय युवक ने सोमवार देर शाम गांव के सामने शेखूपुर हार में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में अलीगढ़ पुलिस के अधिकारियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) धोखाधड़ी से जुड़ा बताया जा रहा है।
जैनपुर निवासी गजेंद्र सिंह उर्फ भोलू बीएससी करने के बाद आइटीआइ की तैयारी कर रहा था। सोमवार शाम करीब आठ बजे उसने फंदा लगाकर जान दे दी। बताया गया कि युवक ने घटनास्थल की लोकेशन अपने बड़े भाई दीपेंद्र और छोटे भाई अनुज को भी भेजी थी। लोकेशन मिलते ही स्वजन कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक के पास मिले दस्तावेजों और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक के पास मिले सुसाइड नोट के अनुसार, अलीगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्म का पंजीकरण कराकर करीब नौ करोड़ रुपये का लेनदेन कर लिया था। इस पर लगभग दो करोड़ रुपये की टैक्स देनदारी बताई गई थी। युवक का कहना था कि उसे इस फर्म और लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी। 22 अक्टूबर को अलीगढ़ पुलिस उसके घर पहुंची और मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसने पुलिस को अपने दस्तावेज भी उपलब्ध कराए, लेकिन सुसाइड नोट में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।