75 लाख दीयों से जगमग होगा औरैया, जिले के स्कूल-कॉलेजों और टूरिस्ट प्लेसों को रोशन करने का प्लान तैयार
औरैया जनपद में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 7.56 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम जनभागीदारी से सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का संदेश देगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
औरैया में सेवा संकल्प अभियान के तहत 7.56 लाख दीप जलेंगे।
जनभागीदारी से सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।
सरकारी भवनों, विद्यालयों व धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित होंगे।
संवाद सहयोगी, औरैया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जिलेभर में तैयारी पूरी कर ली गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने बताया कि विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, आवासीय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर 75,6,089 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से सेवा, समर्पण, सामाजिक एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देना है।
अभियान के तहत 1,262 प्राथमिक विद्यालयों में 51-51 दीप, 205 इंटर कालेजों में 111-111 दीप तथा 69 डिग्री कालेजों में 101-101 दीप जलाए जाएंगे। इंटर कालेजों के करीब 80 हजार विद्यार्थियों के घरों पर भी दो-दो दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। 477 पंचायत भवनों, 1789 आंगनबाड़ी केंद्रों, 251 अमृत सरोवरों तथा विकासखंड कार्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवासों पर भी 30 हजार दीप जलाए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों की 10 हजार समूह दीदियों के माध्यम से 11-11 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को भी दीपों से सजाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- यूपी की 75 ग्राम पंचायतों में 6.39 करोड़ से बनेंगे अन्नपूर्णा भवन, निर्माण के लिए जमीनें भी हुईं चिह्नित
देवकली मंदिर में 3100 दीप, जबकि मंगलाकाली मंदिर, खारी मंदिर अछल्दा, कन्हैया जी मंदिर अछल्दा, सेहुद धाम, महामाई मंदिर, घुपकरी मंदिर सहार, रुक्मणी मंदिर, अलोपादेवी और दुर्गा देवी मंदिर भर्रापुर में 1100-1100 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। शहीद पार्क, खिलमिल पार्क और बीझलपुर शहीद स्मारक में भी दीप जलाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- इटावा रोडवेज में 15 दिनों में 15000 से ज्यादा महिलाओं ने की मुफ्त बस यात्रा, 3300000 रुपये का किराया माफ
इसके अलावा 36 सीएचसी व पीएचसी, 112 वेलनेस सेंटर, 42 गोवंशीय आश्रय स्थल, 700 कामन सर्विस सेंटर, 117 बैंक शाखाओं और 79 सहकारी समितियों समेत नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
सीडीओ ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार तैयारियां पूरी कर कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
