विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी की 75 ग्राम पंचायतों में 6.39 करोड़ से बनेंगे अन्नपूर्णा भवन, निर्माण के लिए जमीनें भी हुईं चिह्नित

Published: Wed, 16 Sep 2026 05:15 PM (IST)

बहराइच जिले की 75 ग्राम पंचायतों में 6.37 करोड़ रुपये की लागत से नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण होगा, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को स्थायी आधार मिलेगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. बहराइच में 75 नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण होगा।

  2. सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को स्थायी आधार मिलेगा।

  3. खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था में सुधार आएगा।

जागरण संवाददाता, बहराइच। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए जिले की 75 ग्राम पंचायतों में नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर 6.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

एक भवन के निर्माण पर करीब 8.50 लाख रुपये खर्च आएगा। यह कार्य विकसित भारत गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी जीरामजी) के तहत होगा। निर्माण के लिए ब्लाकों द्वारा भूमि का चयन कर लिया गया है। वहीं 39 भवनों के निर्माण के लिए वर्क आईडी भी जेनरेट कर दी गई है।

जिले में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में 75 भवनों का निर्माण कराया गया था, जबकि वर्ष 2023-24 में 141 अन्नपूर्णा भवन बनाए गए। वर्तमान में 14 विकास खंडों की 1043 पंचायतों में कुल 216 अन्नपूर्णा भवन संचालित हैं। इस वर्ष प्रस्तावित 75 नए भवनों का निर्माण होने के बाद संख्या बढ़कर 291 हो जाएगी।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मिलेगा स्थायी आधारइस वर्ष बनने वाले अन्नपूर्णा भवन के लिए ब्लाकों से भूमि का चिहृांकन कर लिया गया है। इसके बनने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को स्थायी आधार मिलेगा। ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी खाद्यान्न के रखरखाव में भी सुधार आएगा और कोटेदारों को किराये के स्थान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- यूपी के पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ा, योगी सरकार DBT के माध्यम से सीधे खातों में भेजेगी पैसे

विशेश्वरगंज, तेजवापुर, शिवपुर, रिसिया, पयागपुर, नवाबगंज, महसी और कैसरगंज ब्लाकों में पांच-पांच, बलहा में चार, तो हुजूरपुर, जरवल, मिहींपुरवा और फखरपुर में छह-छह अन्नपूर्णा भवन का निर्माण होगा।

यह भी पढ़ें- इटावा रोडवेज में 15 दिनों में 15000 से ज्यादा महिलाओं ने की मुफ्त बस यात्रा, 3300000 रुपये का किराया माफ

इस वित्तीय वर्ष में नए 75 अन्नपूर्णा भवन बनाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। सभी स्थलों का चयन ब्लाक स्तर से कर लिया गया है। चयन के सापेक्ष 39 भवनों के निर्माण की वर्क आईडी जेनरेट कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य भौतिक रूप से प्रारंभ करा दिया जाएगा। - रवि शंकर पांडेय, उपायुक्त वीबी जीरामजी।