तोतलेपन के डर से बंगाली डॉक्टर से कराई जीभ की सर्जरी, औरैया में डेढ़ महीने के मासूम की मौत
डेढ़ माह के मासूम देशांत की तोतलेपन की आशंका में कराई गई जीभ की सर्जरी के बाद हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
-1794565090734_m.webp)
मासूम बच्चे के घर पर जुटे परिजन।
HighLights
तोतलेपन की आशंका में डेढ़ माह के बच्चे का ऑपरेशन।
ऑपरेशन के बाद बच्चे के मुंह से खून निकलना बंद नहीं हुआ।
उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ा, परिवार में मातम।
जागरण संवाददाता, औरैया। बच्चे के बड़े होने पर तोतलेपन की शिकायत होने की आशंका के चलते जीभ का ऑपरेशन कराना एक परिवार को भारी पड़ गया। ऑपरेशन के बाद डेढ़ माह के मासूम की हालत बिगड़ गई। उसके मुंह से खून निकलना बंद नहीं हुआ। रात में दोबारा डॉक्टर के पास ले जाने पर टांके लगाए गए, लेकिन बुधवार को उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
अछल्दा थाना क्षेत्र के तेहराजपुर गांव निवासी ईशु कठेरिया का डेढ़ माह का बेटा देशांत था। परिजनों को आशंका थी कि बड़े होने पर देशांत को बोलने में परेशानी हो सकती है और वह तोतला बोल सकता है। इसी चिंता के चलते 11 नवंबर को ईशु की पत्नी सोनम बच्चे को लेकर अपने मायके सरैया मुरादगंज गांव चली गईं। वहां एक बंगाली डॉक्टर से बच्चे का ऑपरेशन कराया गया।
ऑपरेशन के बाद सोनम बच्चे के साथ मायके में ही रुक गईं। स्वजन के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद रात में बच्चे के मुंह से खून निकलना बंद नहीं हुआ। इस पर रात करीब 10 बजे उसे दोबारा डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने बच्चे के मुंह में टांके लगाए।
12 नवंबर की सुबह स्वजन फिर बच्चे को दिखाने डॉक्टर के पास पहुंचे। डॉक्टर ने उन्हें आश्वासन दिया कि बच्चा ठीक हो जाएगा, लेकिन उपचार के दौरान ही मासूम की मौत हो गई।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची। स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव स्वजन को सौंप दिया। डेढ़ माह के मासूम की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।