यूपी में अवैध असलहों से बड़ी साजिश! औरैया में अवैध तमंचे तैयार करते एक गिरफ्तार, 31 तमंचे और कई कारतूस बरामद
औरैया पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण करने वाले एक आरोपी विनोद कुमार राजपूत को गिरफ्तार किया है। उसके पास से ...और पढ़ें
HighLights
औरैया में अवैध शस्त्र निर्माण करते एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 19 तैयार, 12 अधबने तमंचे और कारतूस बरामद किए
आरोपी वेल्डिंग की आड़ में अवैध हथियार बना रहा था
जागरण संवाददाता, औरैया। पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण में एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 तमंचे, 12 अधबने तमंचे, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। गुरुवार को संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मलकापुर गांव के खेतों में बने ट्यूबवेल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शस्त्र बनाने का काम कर रहा है।
सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस का कहना है कि वहां एक व्यक्ति विद्युत ट्रांसफार्मर से केबल डालकर वेल्डिंग मशीन और ग्राइंडर की मदद से तमंचे बना रहा था। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। शुक्रवार दोपहर पूरे घटनाक्रम का राजफाश किया गया।
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान 52 वर्षीय विनोद कुमार राजपूत निवासी नंदपुर, थाना दिबियापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 14 तमंचे .315 बोर, दो तमंचे .12 बोर, दो अधिया .315 बोर और एक अधिया .12 बोर समेत कुल 19 तैयार हथियार बरामद किए। इसके अलावा 12 अधबने तमंचे, .315 बोर के 16 जिंदा व 16 खोखा कारतूस तथा .12 बोर के चार जिंदा और दो खोखा कारतूस भी मिले।
शस्त्र बनाने के उपकरण भी मिले
पुलिस को मौके से 12 लोहे की नाल, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, 30 स्प्रिंग, छह ट्रिगर, ग्राइंडर के 19 पत्ते, आरी व उसकी तीन पत्तियां, तिकोना रेती, रेगमाल का बंडल, पांच किलोग्राम का बांट, वेल्डिंग मशीन, डाई, हथौड़ा, लकड़ी का गुटका समेत अन्य उपकरण बरामद हुए।
वेल्डिंग की आड़ में चला रहा था काम
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पैसों के लालच में अवैध शस्त्र बनाने का काम करता था। वेल्डिंग का काम करने की आड़ में तमंचे तैयार कर उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों में महंगे दामों पर बेचने की बात पुलिस ने बताई है। आरोपित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
