विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में बंबा के पानी में देखते ही देखते फैलने लगी आग, उठने लगी 15 फीट ऊंची लपटें, लोगों में दहशत

Published: Sun, 27 Sep 2026 04:09 PM (IST)

औरैया के फफूंद में बंबा के पानी में आग लग गई, जिससे 15 फीट ऊंची लपटें उठीं। पुलिस और फायर ...और पढ़ें

HighLights

  1. गेल प्लांट से निकले केमिकल से बंबा के पानी में लगी आग

  2. आग की लपटें 15 फीट ऊंची उठीं, मचा हड़कंप

  3. फायर ब्रिगेड ने फोम से आग पर पाया काबू, जांच जारी

संवाद सूत्र, फफूंद (औरैया)।

औरैया में बंबा के पानी में आग की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते 15 फीट तक आग की लपटें उठने लगीं। पानी में आग की घटना से हर कोई हैरान था। 

गेल इंडिया लिमिटेड पाता प्लांट से निकलने वाले पानी में ज्वलनशील केमिकल आने से रविवार दोपहर बंबा के पानी में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें करीब 15 फीट ऊंची उठ रही थीं। आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड तथा गेल इंडिया लिमिटेड पाता प्लांट के अधिकारियों को सूचना दी।

आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। करीब आधे घंटे बाद पाता प्लांट और औरैया से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने फोम का छिड़काव कर आग पर काबू पाया।

इसके बाद सीओ फायर तेजवीर सिंह, सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह, एसडीएम सदर ब्रह्मानंदन और थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बंबा के किनारे पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उस स्थान को भी देखा, जहां से गेल पाता प्लांट की ओर से आरहे पानी में केमिकल आ रहा था।

अधिकारियों ने गेल के कर्मचारियों को पानी का बहाव तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। जिससे कैमिकल रोका जा सके। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए पानी के तीन नमूने बोतलों में लिए। प्रधान खानपुर अशोक चक ने बताया कि पानी में केमिकल साफ दिखाई दे रहा था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस पानी को पीने से पशुओं की मौत तक हो सकती है। बंबा का यह पानी आगे जाकर सेंगुर नदी में गिरता है, जिससे ग्रामीणों ने नदी में भी केमिकल पहुंचने की आशंका जताई है।