औरैया में 22 नवंबर को होगा ब्लैक आउट और मॉकड्रिल, शाम छह बजे सायरन बजते ही 20 मिनट तक गुल रहेगी बिजली
शासन के निर्देश पर 22 नवंबर को औरैया जनपद में ब्लैक आउट और माकड्रिल का आयोजन होगा। यह अभ्यास हवाई हमलों और अन्य आपात स्थितियों से बचाव का प्रशिक्षण देगा, जिसमें विभिन्न विभाग शामिल होंगे।
-1795233645252_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
22 नवंबर को जनपद में ब्लैक आउट और माकड्रिल।
आपात स्थितियों से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग सहित कई टीमें शामिल।
संवाद सहयोगी, ककोर। शासन के निर्देश पर 22 नवंबर को जनपद में ब्लैक आउट और माकड्रिल होगा। इसकी तैयारी को लेकर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों, सिविल डिफेंस के प्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीएम ने बताया कि 22 नवंबर को शाम छह बजे नागरिक सुरक्षा विभाग, सिविल डिफेंस, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के सहयोग से माकड्रिल होगी। इस दौरान शाम छह बजे चेतावनी के लिए सायरन बजाया जाएगा और ब्लैक आउट की कार्यवाही शुरू होगी। निर्धारित समय तक संबंधित क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटें बंद रहेंगी। आसपास के घरों और दुकानों की बिजली भी 15 से 20 मिनट तक बंद रखी जाएगी।
माकड्रिल में लोगों को हवाई हमले और अन्य आपात स्थितियों से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। घायलों को प्राथमिक उपचार देने, आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग करने, बड़ी आग पर अग्निशमन वाहन से काबू पाने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की जानकारी दी जाएगी।
एडीएम ने सीएमओ, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा समेत संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश पांडेय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।