औरैया के अछल्दा रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 2 यात्रियों की मौत, मच गई अफरा-तफरी
औरैया के अछल्दा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो यात्रियों की मौत ...और पढ़ें

मौके पर जुटे लोग। जागरण
HighLights
अछल्दा स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस से दो की मौत।
इटावा-फफूंद मेमू से उतरकर ट्रैक किनारे चल रहे थे।
मालगाड़ी के कारण दूसरी ट्रेन का अंदाजा नहीं लगा।
संवाद सूत्र, जागरण, अछल्दा, (औरैया)। अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह करीब 6:20 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। इटावा-फफूंद मेमू ट्रेन संख्या 64170 से उतरकर रेलवे लाइन के किनारे से जा रहे दो यात्री डाउन लाइन पर आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सुबह दोनों लोगों इटावा-फफूंद मेमू ट्रेन से उतरने के बाद रेलवे लाइन के किनारे से निकल रहे थे। इसी दौरान लूप लाइन पर एक मालगाड़ी पहले से खड़ी थी। मालगाड़ी खड़ी होने के कारण दोनों को पीछे से आ रही ट्रेन का अंदाजा नहीं लग सका। इसी बीच डाउन लाइन पर आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से दोनों की जान चली गई।
हादसा इतना भीषण था कि रेलवे की लूप लाइन पर लगा लोहे का पैनल बाक्स क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरा। घटना के बाद अमृत भारत एक्सप्रेस को करीब सात मिनट तक आउटर सिग्नल पर रोकना पड़ा। सूचना मिलने पर आरपीएफ के सिपाही सतेंद्र मौके पर पहुंचे और शवों को रेलवे ट्रैक से हटवाया। वहीं, घटना के चलते क्षतिग्रस्त हुए पैनल बाक्स की मरम्मत के लिए रेलवे की एसएनटी (सिग्नल एवं दूरसंचार) टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया।
यह भी पढ़ें- औरैया के लाल दिव्यांश कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया मान, 'वेट अम्ब्रेला होल्डर' के अनोखे मॉडल से बनाई पहचान
हादसे की जानकारी मिलने पर घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जीआरपी शिनाख्त कराने के लिए प्रयास कर रही है। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन के आसपास घटना को लेकर चर्चा होती रही। रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजरते समय हुई इस घटना ने एक बार फिर पटरियों पर पैदल चलने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की जरूरत को उजागर किया है।
