विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में 171 साल पुराना नहर पुल जर्जर, नए पुल का निर्माण जल्द होगा शुरू

Published: Fri, 09 Oct 2026 11:17 AM (GMT+05:30)

औरैया-बिधूना मार्ग पर 171 साल पुराना नहर पुल जर्जर हालत में है, जिससे हादसे का डर बना हुआ है और ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. औरैया का 171 साल पुराना नहर पुल जर्जर।

  2. दिसंबर 2023 से भारी वाहनों का आवागमन बंद।

  3. 3.15 करोड़ रुपये से नया दो लेन पुल बनेगा।

जागरण संवाददाता, औरैया। औरैया-बिधूना मार्ग पर निचली गंग नहर पर बना करीब 171 साल पुराना पुल जर्जर होकर हादसे को दावत दे रहा है। पुल के निचले हिस्से का प्लास्टर उखड़ गया है और कई स्थानों पर ईंटें टूटकर गिर रही हैं। जर्जर हालत के चलते दिसंबर 2023 से पुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद है। इसके बावजूद प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन पुल से गुजरते हैं।

ब्रिटिश शासन में वर्ष 1855 में निर्मित इस पुल का लोकार्पण हुआ था। उस समय यह नहर गंगेस कैनाल के नाम से प्रसिद्ध थी। करीब पौने दो सदी पुराने पुल की हालत लगातार खराब होने के कारण लोगों में हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, जिससे जर्जर पुल पर दबाव भी बना रहता है।

पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए अगस्त 2023 में करीब 3.15 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन के नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन स्तर से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिकारियों ने प्रस्तावित पुल स्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने निर्माण स्थल, पहुंच मार्ग और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। नया दो लेन का पुल बनने से अछल्दा सहित आसपास के गांवों और कस्बों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही जर्जर पुल के कारण बनी हादसे की आशंका भी कम होगी और यातायात सुगम हो सकेगा।

पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की अधिशासी अभियंता अलका सिंह ने बताया कि नहर पर विभाग से क्लोजर मिल गया है, जिससे जलस्तर घट गया है। दो-चार दिनों में स्थल की सफाई का कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके बाद आवश्यक तैयारियां पूरी कर नए पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- शार्दूल विहान बने यूपी पुलिस में दरोगा, सीएम योगी ने दिया नियुक्ति पत्र; भारतीय सेना में भी मिला था पद

यह भी पढ़ें- खूंटी में ताश खेलने के दौरान विवाद में युवक की फरसे से काटकर हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोच पुलिस को सौंपा